भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भारत के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर को सम्मानित करते हुए खास तोहफा दिया। मुंबई स्थित बीसीसीआई हेडक्वार्टर में '10000 गावस्कर' नाम के बोर्डरूम का उद्घाटन किया गया। गावस्कर ने खुद इस बोर्डरूम का उद्घाटन किया। इस दौरान बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी, उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और सचिव देवजीत सैकिया मौजूद रहे।
गावस्कर ने जताई खुशी
बीसीसीआई ने गुरुवार को भारत के महान सलामी बल्लेबाज सुनील गावस्कर के भारतीय क्रिकेट में योगदान को सराहते हुए उन्हें सम्मानित किया। गावस्कर टेस्ट क्रिकेट में 10 हजार रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज थे। उन्होंने यह उपलब्धि 1987 में हासिल की थी। इसके अलावा उन्होंने टेस्ट में 34 शतक लगाए और इस प्रारूप में सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। गावस्कर ने 10000 गावस्कर नाम के बोर्डरूम का उद्घाटन करने के बाद कहा- 'एमसीए मेरी मां है, बीसीसीआई मेरा पिता है। मैं भारतीय क्रिकेट की बदौलत जो अवसर पा सका, उसके लिए मैं आपका बहुत आभारी हूं। और यह सम्मान मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। मैं इस सम्मान के लिए बीसीसीआई का बहुत आभारी हूं। और मैं बीसीसीआई के लिए अपना सबकुछ दे सकता हूं, इसलिए जब भी मुझसे कुछ भी अपेक्षित हो, चाहे मैं इस उम्र में ही क्यों न हो, तो कृपया बेझिझक कहें।'