भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने भारतीय टीम से अपील की है। भारत के दिग्गज बल्लेबाज रहे गावस्कर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले अभ्यास मैच खेलने का आग्रह किया है। भारत को इस दौरे से पहले इंडिया ए के साथ इंट्रा स्क्वाड मैच खेलना था, लेकिन इसे रद्द कर दिया गया था। हालांकि, गावस्कर ने टीम को सलाह दी है कि मैच से पहले उसे अभ्यास मुकाबले खेलने चाहिए।
गावस्कर ने साथ ही कहा कि जिन युवाओं ने ऑस्ट्रेलिया में कभी नहीं खेला है, उन्हें खुद को परिस्थितियों के अनुकूल ढालना चाहिए। ध्रुव जुरेल, सरफराज खान और यशस्वी जायसवाल जैसे भारतीय युवा खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया में अपना पहला टेस्ट खेलेंगे, इसलिए इन्हें वहां की पेस और बाउंस पिच पर ढलने के समय लगेगा।
गावस्कर ने कहा, मेरे मानना है कि भारत को अभ्यास मैच खेलना चाहिए। टेस्ट मैचों के बीच में उन्हें अभ्यास मुकाबले खेलने चाहिए। सीनियर खिलाड़ियों के लिए यह जरूरी नहीं है, लेकिन युवा खिलाड़ी जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया में इससे पहले कभी नहीं खेला है, उनके लिए जरूरी है। यशस्वी, सफराज और जुरेल के लिए अभ्यास मैच जरूरी हैं। युवा खिलाड़ियों को ऑस्ट्रेलिया की बाउंस पिचों पर खेलने का अनुभव कराना जरूरी है।
'अधिक अभ्यास करे भारत'
गावस्कर ने भारत को सलाह दी कि वह जितना हो सके अभ्यास करे और थ्रो डाउन के बजाय नियमित गेंदबाजी खेलने पर ध्यान केंद्रित करे। उन्होंने कहा, सिर्फ अपने आप पर भरोसा रखें। जितना हो सके, उतना अभ्यास करें। मुझे लगता है कि थ्रोडाउन का सामना करने में कुछ योग्यता है। लेकिन नियमित गेंदबाजी खेलना ज्यादा जरूरी है। जसप्रीत बुमराह की जगह अन्य तेज गेंदबाजों को खेलें। आप उन गेंदबाजों से कहें कि 22 यार्ड की जगह 20 यार्ड से गेंदबाजी करें जिससे गेंद बल्ले पर तेजी से आए।
भारत को न्यूजीलैंड से मिली थी करारी हार
न्यूजीलैंड ने मुंबई के वानखेड़े में खेले गए तीसरे और आखिरी टेस्ट में भारत को 25 रन से हरा दिया था। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड की टीम ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत का सूपड़ा साफ कर दिया। भारत अपने घर में दो या इससे ज्यादा मैचों की टेस्ट सीरीज में दूसरी बार क्लीन स्वीप हुआ। इससे पहले फरवरी 2000 में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को दो मैचों की सीरीज में 2-0 से हराया था। वहीं, भारत अपने घर में तीन या इससे ज्यादा मैचों की टेस्ट सीरीज में पहली बार क्लीन स्वीप हुआ है।