शांत स्वभाव वाले युवा सचिन तेंदुलकर ने कुछ वर्ष पहले इवेंट के दौरान युवाओं को सलाह दी कि उन्हें हमेशा हेलमेट पहनकर खेलना चाहिए ताकि अपनी सुरक्षा कर सकें। इसके बाद सुनील गावस्कर ने माइक पकड़ा और बड़े ही चुटीले अंदाज में कहा, 'सचिन तेंदुलकर ने युवाओं को सीख दी है कि हमेशा हेलमेट पहनना, लेकिन मैं कहूंगा कि अपने घर में क्रिकेटर्स को नहीं आने देना।'
गावस्कर का यह बयान सुन वहां मौजूद सभी लोग हैरान थे। इस पर लिटिल मास्टर ने सफाई देते हुए कहा क्योंकि मेरे क्रिकेटर साथी ने मेरी छोटी बहन से शादी की। हालांकि, वह दोनों बेहद अच्छी जिंदगी जी रहे हैं, लेकिन मस्तीभरे अंदाज में मुझे यह कहना सही लगा। गावस्कर की बहन के पति कोई और नहीं बल्कि टीम इंडिया के एक क्रिकेटर गुंडप्पा विश्वनाथ है।
सुनील गावस्कर और गुंडप्पा विश्वनाथ
सुनील गावस्कर ने गुंडप्पा विश्वनाथ के साथ का एक और मजेदार किस्सा साझा किया था। उन्होंने कहा, 'मुझमें और विश्वनाथ में इस बात की लड़ाई होती थी कि हम दोनों में से कद में लंबा कौन है। मेरे बाल थोड़े घने और बड़े थे, जिस वजह से मैं उससे बिलकुल जरा सा लंबा दिखता था। हमने मशहूर कमेंटेटर टोनी ग्रेग से पूछा कि आप बताइए कि हम दोनों में से कौन लंबा है, तो उन्हें घुटने के बल बैठकर आंकना पड़ा क्योंकि वह बेहद लंबे कद के थे।'
गावस्कर ने एक और मजेदार राज खोलते हुए कहा कि जब हम किसी के घर में खाने के लिए जाते थे तो सोफे पर बैठते थे। वहां हम गुंडप्पा विश्वनाथ की खूब मजे लेते थे। इसकी वजह यह थी कि सोफे पर बैठकर मेरे पैर जमीन पर टिकते थे, लेकिन उसके नहीं।
बस, हम सब मिलकर उसका मजाक बनाते थे। वैसे, एक बात साफ कर दूं कि मेरी और गुंडप्पा विश्वनाथ के बीच काफी अच्छी बांडिंग है, इसलिए इन बातों पर कभी हमारा झगड़ा नहीं हुआ और आज भी हमारा रिश्ता काफी मजबूत और गहरा है।