तीस साल के स्मिथ ने जब इंग्लैंड में अपने टेस्ट अभियान को शुरू किया था तब दर्शकों ने हूटिंग से उनका स्वागत किया था लेकिन जब वह पांचवें मैच की दूसरी पारी में आउट होकर पवेलियन लौट रहे थे तब दर्शकों ने खड़े होकर तालियां बजाकर उनका अभिवादन किया।
स्मिथ ने कहा कि पहले टेस्ट में एजबेस्टन की शतकीय पारी इस सीरीज की सर्वश्रेष्ठ पारी थी क्योंकि उस समय टीम 122 रन पर आठ विकेट गंवा कर मुश्किल में थी। स्मिथ ने कहा, ‘उस पारी से मेरा आत्मविश्वास काफी बढ़ा। इस सीरीज में वह मेरी पसंदीदा पारी है।’
स्मिथ ने कहा, ‘हम सब जानते हैं कि एशेज सीरीज का पहला टेस्ट मैच काफी अहम होता है। टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकालने से मेरा आत्मविश्वास बढ़ा और इससे मैं अच्छा प्रदर्शन कर सका।’
लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में जोफ्रा आर्चर की गेंद पर चोटिल होने के कारण तीन पारियों में नहीं खेल पाने वाले इस बल्लेबाज ने 18 महीने तक खेल (टेस्ट मैच) से दूर रहने के दौरान साथ देने वालों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, ‘मैं 18 महीने तक खेल से दूर रहा और मैं कुछ लोगों को शुक्रिया करना चाहूंगा जिसमें मेरी पत्नी भी शामिल हैं।
स्मिथ हालांकि डॉन ब्रैडमैन के रिकॉर्ड की बराबरी नहीं कर सके जिनके नाम सात पारियों में 974 रन है। क्रिकेट के महानतम बल्लेबाज माने जाने वाले ब्रैडमैन ने 1930 में यह रिकॉर्ड बनाया था। करियर के 68वें टेस्ट के बाद स्मिथ का औसत 64.56 का है जो सर्वकालिक सूची में ब्रैडमैन के 99.94 (52 टेस्ट) के औसत के बाद दूसरा सर्वश्रेष्ठ है।