इस दौरान ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ वॉर्नर को समझाकर ड्रेसिंग रूम में जाने के लिए कह रहे थे।
प्रोटियाज कप्तान भी मामले को शांत करवाने का प्रयास कर रहे थे। डेविड वॉर्नर इस पूरी घटना में क्विंटन डी कॉक पर बुरी तरह हावी होते नजर आए। दोनों के बीच हाथापाई की नौबत का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बता दें कि यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब दक्षिण अफ्रीका ने अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए और अनुभवी बल्लेबाज एबी डीविलियर्स मैदान पर बल्लेबाजी करने उतरे। तभी स्पिन गेंदबाज लायन की गेंद पर रन लेने की कोशिश में वह अपना विकेट गंवा बैठे।
वॉर्नर के थ्रो पर लायन ने पहले बेल्स को उड़ाया और फिर गेंद डीविलियर्स के सामने फेंक दी। इसके लिए लायन पर आईसीसी ने जुर्माना भी लगाया है। इसके बाद 29 ओवर में ऑस्ट्रेलिया के हाथ सिर्फ एक विकेट लगा। क्विंटन डी कॉक ने पारी को संभाले रखा था। यह देख डेविड वॉर्नर अपना आपा खो बैठे और डी कॉक पर कमेंट करने लगे।