श्रीलंका क्रिकेट ने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव रिक्सन को अपना नया फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। एसएलसी ने शनिवार को रिक्सन को फील्डिंग कोच नियुक्त करने की पुष्टि की।
रिक्सन का करार इंग्लैंड में होने वाले 2019 आईसीसी विश्व कप तक किया गया है। 64 वर्षीय रिक्सन क्राइस्टचर्च में 24 दिसंबर को न्यूजीलैंड के साथ खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच से पहले टीम के साथ जुड़ जाएंगे। रिक्सन अब टीम के प्रमुख कोच चंडिका हथरुसिंघा के साथ मिलकर काम करेंगे।
रिक्सन इससे पहले, पाकिस्तान के फील्डिंग कोच रह चुके हैं। पाकिस्तानी टीम की फील्डिंग में आए सुधार का श्रेय काफी हद तक रिक्सन को दिया जाता है। उन्होंने इस साल जून में अपने दो साल के कार्यकाल के समाप्त होने के बाद पद से इस्तीफा दे दिया था।
श्रीलंका ने इससे पहले 2013 में भी रिक्सन को टीम का प्रमुख कोच बनने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया था। रिक्सन इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के सहायक कोच और न्यूजीलैंड के कोच भी रह चुके हैं।