फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL 2025: सत्र से पहले स्टार खिलाड़ियों की चोट ने बढ़ाई फ्रेंचाइजी की मुश्किलें, टीम संयोजन बना बड़ी चुनौती

Mon, 17 Mar 2025 08:49 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह हों या लखनऊ सुपरजाएंट्स के तेज गेंदबाज मयंक यादव, इनके बारे में तय हो चुका है कि ये 22 मार्च से शुरू हो रही लीग के शुरुआती चरण में नहीं खेलेंगे, लेकिन ये लीग में खेलेंगे या नहीं, यह अब भी बड़ा सवाल बना हुआ है।
विज्ञापन
आवेश खान, मयंक यादव और जसप्रीत बुमराह - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 18वें संस्करण को शुरू होने में अब ज्यादा समय शेष नहीं है, लेकिन मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपरजाएंट्स समेत कुछ टीमों के खेमों में खलबली की स्थिति है। इसका कारण उनके सितारे क्रिकेटरों का लीग की शुरुआत में पूर्ण रूप से फिट नहीं होना है। पिछले संस्करणों की तरह इस बार भी आईपीएल में क्रिकेटरों की चोटों का साया है। 
विज्ञापन

मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह हों या लखनऊ सुपरजाएंट्स के तेज गेंदबाज मयंक यादव, इनके बारे में तय हो चुका है कि ये 22 मार्च से शुरू हो रही लीग के शुरुआती चरण में नहीं खेलेंगे, लेकिन ये लीग में खेलेंगे या नहीं, यह अब भी बड़ा सवाल बना हुआ है। लखनऊ के दो अन्य तेज गेंदबाजों मोहसिन खान और आवेश खान की फिटनेस पर भी तस्वीर साफ नहीं है। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के उमरान मलिक चोट के कारण बाहर हो गए हैं जिनकी जगह टीम ने चेतन सकारिया को शामिल किया है। वहीं, पंजाब किंग्स के लॉकी फर्ग्यूसन की फिटनेस भी संदेह के घेरे में है। मुंबई इंडियंस तो अपने दो गेंदबाजों के बदले में दूसरे क्रिकेटर भी बुला चुका है।

ये भी पढ़ें: IPL 2025: आईपीएल से पहले 'जम्मू एक्सप्रेस' उमरान मलिक को तगड़ा झटका, चोट के कारण बाहर हुए; KKR ने दी जानकारी

मुंबई को बुमराह की वापसी की जरूरत
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में टेस्ट खेलने के बाद से बुमराह मैदान में नहीं उतरे हैं। वह राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में पुर्नवास के दौर से गुजर चुके हैं, लेकिन गेंदबाजी का कार्यभार उठाने की फिटनेस उन्हें अभी भी प्राप्त करनी है। यही कारण है कि वह लीग के शुरुआती चरण में नहीं खेलेंगे, लेकिन अब तक यह तय नहीं है कि वह पूरे सत्र में खेलेंगे भी या नहीं। मुंबई उनकी वापसी की उम्मीदें लगाए बैठा है। अगर वह नहीं खेले तो मुंबई इंडियंस को बड़ा झटका लगेगा। 

मोहसिन-आवेश की फिटनेस पर भी सवाल
लखनऊ के पास तेज गेंदबाजी विभाग में मयंक यादव, आकाशदीप, मोहसिन खान, आवेश खान, शामार जोसेफ हैं। तेज गेंदबाजी की सनसनी मयंक यादव पर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं है कि वह इस सत्र में खेलेंगे या नहीं। वहीं, मोहसिन और आवेश भी एनसीए में पुर्नवास के दौर से गुजर रहे हैं। ये दोनों गेंदबाज अगर लीग के शुरुआती चरण में नहीं खेले तो ऋषभ पंत की अगुआई वाली टीम को नुकसान होगा। 

ये भी पढ़ें: IPL 2025: 'मेरे पसंदीदा छोले भटूरे पर चर्चा करने की जरूरत नहीं', प्रसारकों पर भड़के कोहली; सुनाई खरी-खोटी

सैमसन रॉयल्स के लिए रहेंगे उपलब्ध
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन भी चोटिल चल रहे हैं। उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ अंगुली में चोट लगी थी, लेकिन सूत्रों के अनुसार उन्हें आईपीएल के शुरुआती चरण में खेलने की अनुमति मिल गई है और वह जल्द राजस्थान रॉयल्स से जुड़ सकते हैं।
विज्ञापन

ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों की फिटनेस भी संदिग्ध
सनराइजर्स के कप्तान पैट कमिंस, आरसीबी के जोश हेजलवुड और दिल्ली कैपिटल्स के मिचेल स्टार्क चोट के चलते ऑस्ट्रेलिया के लिए चैंपियंस ट्रॉफी में नहीं खेले थे। हालांकि इन तीनों के आईपीएल में खेलने की संभावना है, लेकिन यह देखना होगा कि ये तीनों अपनी टीमों के लिए किस मैच से उपलब्ध रहेंगे।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें