भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 22 नवंबर से होने वाली पांच मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। शुक्रवार को पर्थ के वाका स्टेडियम पर भारत ने इंट्रा स्क्वाड मैच खेला जिसमें स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने भी हिस्सा लिया। तीन दिनों के अभ्यास सत्र के बाद पूरी टीम ने इंट्रा स्क्वाड मुकाबले में हिस्सा लिया। हालांकि, खराब फॉर्म में चल रहे कोहली इस मैच में भी प्रभावित नहीं कर सके और सस्ते में आउट हुए।
ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, केएल राहुल ने यशस्वी जायसवाल के साथ पारी की शुरुआत की। हालांकि, उनके कंधे पर चोट लगी जिससे वह पूरे दिन बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे। दूसरी तरफ, कोहली ने सकारात्मक शुरुआत की थी, लेकिन वह 15 रन के स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद दूसरी बारी में उन्होंने 30 रन बनाए और कुछ अच्छे शॉट खेले जिसमें बैकफुट भी शामिल था। ऐसी खबरें आई थी कि कोहली का स्कैन किया गया है, लेकिन प्रशंसकों के लिए चिंता की नहीं है क्योंकि कोहली बल्लेबाजी के दौरान फिट नजर आए।
कोहली पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं और उन्होंने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान सिर्फ 93 रन बनाए थे। कोहली ने इस साल छह टेस्ट मैचों में 22.72 के औसत से 250 रन बनाए हैं जिसमें उनके नाम एक अर्धशतक है।
यशस्वी ने जड़ा अर्धशतक
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महत्वपूर्ण सीरीज से पहले यशस्वी अच्छी लय में दिखे और इंट्रा स्क्वाड मैच में नाबाद 58 रन बनाए, जबकि दूसरी बार में शुभमन गिल 42 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत ने मैच सिमुलेशन में 75 ओवर में आठ विकेट पर 339 रन बनाए। मैच सिमुलेशन अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा जिससे पहले टेस्ट की तैयारियों को परखा जाएगा। भारत के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में पहुंचने के लिहाज से जरूरी है। भारत को अगर डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए क्वालिफाई करना है तो उसे पांच मैचों की यह सीरीज 4-0 से जीतनी होगी।