भले ही आईपीएल का यह सत्र स्पॉट फिक्सिंग के कारण विवादों में रहा लेकिन कोलकाता के दर्शक आईपीएल पर अपना विश्वास कायम रखते हुए रविवार को मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच फाइनल मैच का लुत्फ उठाने भारी संख्या में ईडन गार्डंस पहुंचे।
दर्शकों ने स्टेडियम पहुंचकर साथ ही यह भी जता दिया कि भले ही क्रिकेट पर फिक्सिंग का साया मंडराए या कुछ और,यह आम आदमी का खेल है और इसे अपार समर्थन मिलता रहेगा। पिछले कुछ दिनों से शहर के सभी टिकट काउंटर पर फाइनल मैच का टिकट हासिल करने के लिए समर्थकों की लंबी-लंबी कतारें देखी गईं।
अन्य मैचों की तरह ही समर्थकों ने इस मैच में भी दोनों टीमों के खिलाड़ियों का भरपूर उत्साह बढ़ाया। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जब टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने मुंबई की टीम मैदान में उतरी तो दर्शकों ने भरपूर तालियों से उनका अभिवादन किया। साथ ही अन्य मैचों की तरह ही इस मैच में भी दर्शक आईपीएल की आधिकारिक संगीत पर झूमते नजर आए।