स्पॉट फिक्सिंग में अपने दामाद की गिरफ्तारी और आईपीएल फाइनल से पूर्व बीसीसीआई के अध्यक्ष एन श्रीनिवासन ने साफ किया कि वह इस्तीफा नहीं देंगे। आईपीएल के भविष्य पर कोई आंच नहीं आएगी।
श्रीनिवासन ने पहले से लिखे भाषण में कहा कि पिछले कुछ दिन बीसीसीआई और हमारे लिए बेहद मुश्किल रहे हैं। बतौर पिता और ससुर मेरे लिए भी यह काफी कठिन समय है। मैं अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटूंगा। मैँ यहां बैठा हूं और व्यक्तिगत भावनाएं पीछे छोड़ आया हूं। बीसीसीआई फिक्सिंग को लेकर पुलिस को सहयोग देती रहेगी।
उन्होंने कहा कि मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है। फिक्सिंग विवाद में मैं इस्तीफा नहीं देने जा रहा हूं। किसी ने भी मुझसे इस्तीफा नहीं मांगा है। मेरे अध्यक्ष पद पर बने रहने को लेकर बीसीसीआई में किसी भी तरह का विरोध नहीं है। वहीं चेन्नई टीम के खिलाफ कोई आरोप नहीं है।
जहां तक आईपीएल की बात है यह चलता रहेगा। यह युवा क्रिकेटरों के लिए आवश्यक है। साथ ही इस टूर्नामेंट से विदेशी खिलाड़ियों को भी काफी फायदा हुआ है। बीसीसीआई के लिए आईपीएल बेदह महत्वपूर्ण है।
आईपीएल की फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स के मानद सदस्य व श्रीनिवासन के दामाद गुरुनाथ मयप्पन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं बीसीसीआई ने उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स से बर्खास्त कर दिया है। श्रीनिवासन ने प्रेस कांफ्रेंस में साफ किया कि मयप्पन पर जांच के लिए कमीशन बनाया गया है। मयप्पन की जांच में मैं शामिल नहीं हूं।
मयप्पन की जांच के लिए समिति का गठन किया गया है। इस तीन सदस्यीय टीम में एक स्वतंत्र सदस्य है जबकि दो अन्य सदस्यों में अरुण जेटली, अजय शिर्के, राजीव शुक्ला, रवि शास्त्री और संजय जगदाले में से कोई नहीं है। उन्होंने साफ किया इस समिति के गठन में उनका कोई रोल नहीं है।
श्रीनिवासन ने मीडिया में उनके खिलाफ चल रहे खबरों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने मीडिया पर जमकर भड़ास निकालते हुए कहा कि मीडिया में उनके खिलाफ ट्रायल चलाया जा रहा है।