पूर्व कप्तान कुमार संगकारा (169) के तूफानी शतक से श्रीलंका ने दक्षिण अफ्रीका को शनिवार को पहले वनडे में 180 रन के विशाल अंतर से रौंदकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
‘मैन ऑफ द मैच’ संगकारा के कैरियर की सर्वश्रेष्ठ पारी से श्रीलंका ने 50 ओवर में पांच विकेट पर 320 रन का विशाल स्कोर बनाया और फिर दक्षिण अफ्रीका को 31.5 ओवर में 140 रन पर ढेर कर दिया।
थिषारा परेरा ने 31 रन पर तीन विकेट, रंगना हेरात ने 25 रन पर तीन विकेट और तिलकरत्ने दिलशान ने 11 रन पर दो विकेट लेकर दक्षिण अफ्रीका का पुलिंदा बांध दिया।
दक्षिण अफ्रीका ने अपने आखिरी आठ विकेट मात्र 67 रन जोड़कर गंवा दिए। अलविरो पीटरसन ने 29, रोबिन पीटरसन ने 29 और कप्तान एबी डीविलियर्स ने 23 रन बनाए।
संगकारा ने 137 गेंदों पर 169 रन की लाजवाब पारी में 18 शानदार चौके और छह छक्के लगाए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे संगकारा ने अपने 350वें वनडे में अपना सर्वश्रेष्ठ वनडे स्कोर बनाया।
संगकारा ने अपने वनडे कैरियर में पहली बार 150 का आंकड़ा पार किया है। इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 138 रन था, जो उन्होंने अक्तूबर 2005 में भारत के खिलाफ जयपुर में बनाया था।
पूर्व कप्तान संगकारा ने उपुल थरंगा (43) के साथ दूसरे विकेट के लिए 70 रन, महेला जयवर्धने (42) के साथ तीसरे विकेट के लिए 74 रन और लाहिरू थिरिमाने (17) के साथ चौथे विकेट के लिए मात्र 13.5 ओवर में 123 रन जोड़े।
संगकारा का चौथे विकेट की साझेदारी में अकेले योगदान 100 रन था। संगकारा ने साबिन पीटरसन, आरोन फेंगिसो, क्रिस मोरिस, रेयान मैक्लारेन, जेपी डुमिनी और फेंगिसो की गेंदों पर छक्के मारे।
संगकारा 49वें ओवर की पांचवीं गेंद पर जब फेंगिसो का शिकार बने तब तक वह श्रीलंका को 303 के स्कोर तक पहुंचा चुके थे।