श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने भारत दौरे के अपने पहले अभ्यास मैच में अच्छी शुरुआत करते हुए पहले दिन छह विकेट पर 411 रन का स्कोर बनाया। चार बल्लेबाजों सदीरा समरविक्रमा (74), दिमुथ करुणारत्ने (50 रिटायर्ड), निरोशन डिकवेला (73) और एंजेलो मैथ्यूज (54 रिटायर्ड) ने अर्द्धशतक जमाए। दो दिवसीय मैच के पहले दिन बोर्ड अध्यक्ष एकादश के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनते हुए श्रीलंका को बल्लेबाजी पर उतारा। पहले दिन की समाप्ति पर श्रीलंका ने अपनी पारी घोषित कर दी।
सदीरा समरविक्रमा ने ओपनिंग पर अच्छे हाथ दिखाते हुए 77 गेंदों पर 74 रन बनाए और दिमुथ करुणारत्ने के साथ 133 रन की साझेदारी की। विकेटकीपर बल्लेबाज निरोशन डिकवेला पहले 53 रन पर रिटायर्ड हो गए थे लेकिन सुरंगा लकमल (03) के आउट होने के बाद फिर बल्लेबाजी करने उतरे। उन्होंने 59 गेंदों की अपनी पारी में 13 चौके जड़े।
आठवें नंबर के बल्लेबाज दिलरुवान परेरा ने 44 गेंदों पर 48 रन बनाकर अच्छा अभ्यास किया। बोर्ड अध्यक्ष एकादश की टीम में रणजी ट्रॉफी के युवा खिलाड़ी शामिल हैं। साल्टलेक के जाधवपुर यूनिवर्सिटी कैम्पस मैदान में श्रीलंकाई टीम के सामने गेंदबाजी आक्रमण ज्यादा अनुभवी नहीं था और इसका बल्लेबाजों ने जमकर फायदा उठाया। ईडन गार्डन में 16 नवंबर से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज में उसके सामने दुनिया की नंबर एक टीम विराट ब्रिगेड होगी।
समरविक्रमा ने दिलाई तेज शुरुआत
श्रीलंकाई क्रिकेट टीम
- फोटो : PTI
श्रीलंका के युवा बल्लेबाजों खासकर समरविक्रमा ने क्रीज पर काफी प्रतिबद्धता दिखाई और कई अच्छे शॉट लगाए। उनके ड्राइव ही नहीं कट शॉट भी काफी अच्छे थे। पिछले माह दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज के दूसरे एवं अंतिम टेस्ट में पदार्पण करने वाले समरविक्रमा ने पहली ही गेंद पर दर्शनीय आफ ड्राइव लगाया था। फॉर्म में चल रहे बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज करुणारत्ने ने पाकिस्तान के खिलाफ 196 रन की अपने कैरियर की श्रेष्ठ पारी खेली थी। शनिवार को उन्होंने समरविक्रमा का अच्छा साथ निभाया। दोनों बल्लेबाजों ने 16 ओवरों में 102 रन जोड़ लिए थे। समरविक्रमा ने बोर्ड अध्यक्ष एकादश की जलज सक्सेना और आकाश भंडारी की स्पिन जोड़ी के खिलाफ आगे बढ़कर शॉट खेले और 46 गेंदों पर अपना अर्द्धशतक पूरा कर लिया था। जबकि करुणारत्ने ने 62 गेंदों में पचास बनाया था। 23वें ओवर में करुणारत्ने रिटायर्ड होकर पवेलियन लौट गए थे। समरविक्रमा को अवेश खान ने फाइन लेग में कैच कराया।
मैथ्यूज ने दिखाई मैच फिटनेस
एंजेलो मैथ्यूज
पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज में पिंडली की चोट के कारण नहीं खेल सके पूर्व कप्तान एवं ऑलराउंडर एंजेलो मैथ्यूज ने अपनी मैच फिटनेस साबित करते हुए अर्द्धशतकीय पारी खेली। मैथ्यूज ने चायकाल के समय रिटायर होने से पूर्व 93 गेंदों की अपनी पारी में पुरानी लय दिखाई। उन्हें 53 रन पर एक जीवनदान जरूर मिला था जब स्लिप में जीवनजोत ने उनका कैच छोड़ दिया था। कप्तान दिनेश चांदीमल 29 रन बनाकर लौट गए और साथ बने नेट्स पर थ्रो डाउन अभ्यास किया। बोर्ड अध्यक्ष एकादश के लिए अवेश खान ने 68 रन देकर एक विकेट लिया। तेज गेंदबाज संदीप वारियर और लेग स्पिनर आकाश भंडारी ने दो-दो विकेट लिए।