सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बाद ही श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड अगले महीने एक टी -20 अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए अपनी टीम को पाकिस्तान भेजेगा। इस संबंध में बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एशले डी सिल्वा ने कहा कि श्रीलंका की संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) दौरे के समय बोर्ड के अधिकारी पाकिस्तान में सुरक्षा स्थिति पर नजर रखेंगे। इसके अलावा 29 अक्टूबर को प्रस्तावित एक टी-20 मैच से दो सप्ताह पहले सुरक्षा स्थिति का जायजा लेने के लिए एक अधिकारी को लाहौर भेजा जायेगा।
पढ़ेंः- कंगारुओं के खिलाफ हैट्रिक लेते ही कुलदीप के नाम हुए कई रिकॉर्ड
बता दें कि यूएई के दौरे पर श्रीलंका की टीम पाकिस्तान के खिलाफ दो टेस्ट, पांच वन-डे और तीन टी-20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज में हिस्सा लेना है। आखिरी टी-20 लाहौर में होना है। मालूम हो कि पाकिस्तान में 2009 में आतंकवादी हमला झेल चुकी श्रीलंकाई टीम के खिलाड़ी दिनेश चांदीमल ने कहा कि लाहौर जाने के लिये खिलाड़ी आपस में फैसला करेंगे।
उन्होंने कहा कि हाल ही में विश्व एकादश के लिये लाहौर में खेलने वाले थिसारा परेरा ने सुरक्षा व्यवस्था पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। गौरतलब है कि 2009 के बाद से किसी अंतर्राष्ट्रीय टीम ने पाकिस्तान का दौरा नहीं किया। जिम्बाब्वे ने जरुर 2015 में पाकिस्तान का दौरा किया, लेकिन इसे आधिकारिक सीरीज का दर्जा प्राप्त नहीं था।