मिकी आर्थर और लाहिरू थिरिमाने
- फोटो : icc
श्रीलंका क्रिकेट टीम के कोच मिकी आर्थर और अनुभवी बल्लेबाज लाहिरू थिरिमाने कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। आईसीसी ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। दरअसल, वेस्टइंडीज के दौरे पर जाने से पहले टीम के 36 सदस्यों का गत मंगलवार को पीसीआर टेस्ट कराया गया था, जिसमें कोच आर्थर और थिरिमाने को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद दोनों को टीम से अलग कर क्वारंटीन कर दिया गया है।
बोर्ड ने बयान में कहा, 'राष्ट्रीय टीम के वेस्टइंडीज के आगामी दौरे में हिस्सा लेने की तैयारियों में जुटे संभावित खिलाड़ियों और स्टॉफ की टीम का पीसीआर परीक्षण कराया गया जिसमें मुख्य कोच मिकी आर्थर और खिलाड़ी लाहिरू थिरिमाने कोरोना पॉजिटिव आए हैं।' आर्थर और थिरिमाने दोनों को कोरोना पर सरकार के स्वास्थ्य प्रोटोकॉल का पालन करने का निर्देश दिया गया है।
थिरिमाने ने ट्वीट कर पुष्टि की कि वह पॉजिटिव आए हैं लेकिन उन्हें कोई भी लक्षण नहीं हैं। वहीं, बोर्ड ने कहा, 'मौजूदा हालात को देखते हुए श्रीलंका क्रिकेट वेस्टइंडीज के दौरे के कार्यक्रम में बदलाव की संभावना ढूंढ रहा है जिसे 20 फरवरी 2021 से शुरू होना था।' बता दें कि श्रीलंका को फरवरी में वेस्टइंडीज का दौरा करना था, जहां उसे मार्च में तीन वनडे, तीन टी-20 और दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है।