ओशादा फर्नांडो (78*) की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी और वानिन्दु हसरंगा (तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत श्रीलंका ने पाकिस्तान का क्लीन स्वीप कर दिया।
लाहैर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी-20 मुकाबले में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 13 रन से हराकर तीन टी-20 मैचों की सीरीज 3-0 से जीत लिया। नंबर आठ टीम श्रीलंका ने आईसीसी की नंबर एक रैंकिग वाली टीम पाकिस्तान को तीनों टी-20 मैचों में हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इस मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए वानिन्दु हसरंगा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इससे पहले श्रीलंका ने पहले व दूसरे मैच में क्रमशः 64 रन व 35 रन से पाकिस्तान को हराया था। नंबर आठ टीम ने दुनिया की नंबर एक टीम पाकिस्तान को तीनों टी-20 मैचों में हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 147 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम छह विकेट खोकर 134 रन पर ही सिमट गई और मैच के साथ-साथ सीरीज भी हार गई। पाकिस्तान की तरफ से हारिस सोहेल ने 52 और बाबर आजम ने 27 रन का योगदान दिया।