श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) और उसके क्रिकेटरों के बीच फिर से तनातनी हो सकती है क्योंकि खिलाड़ियों को विवादास्पद राष्ट्रीय अनुबंध पर हस्ताक्षर करने के लिए मंगलवार से केवल 36 घंटे का समय दिया गया है। एसएलसी सूत्रों ने कहा कि खिलाड़ी मंगलवार को ब्रिटेन से लौट रहे हैं और उन्हें आठ जुलाई की समयसीमा तक अनुबंध पर हस्ताक्षर करने होंगे। जो खिलाड़ी अनुबंध पर हस्ताक्षर नहीं करेगा उसे भारत के खिलाफ 13 जुलाई से शुरू होने वाली सीमित ओवरों की श्रृंखला के लिये टीम में नहीं चुना जाएगा।
तीन जून की समयसीमा को नहीं माना था
इंग्लैंड दौरे से पहले खिलाड़ियों ने अनुबंध पर हस्ताक्षर करने की तीन जून की समयसीमा को नहीं माना था। खिलाड़ियों ने तब प्रक्रिया में पारदर्शिता के अभाव का हवाला दिया था। खिलाड़ियों ने मई में बातचीत के दौरान कहा था कि उनके लिए जो वेतन प्रस्तावित किया गया है, अन्य देशों के खिलाड़ियों को उससे तीन गुणा अधिक वेतन मिलता है। श्रीलंका क्रिकेट ने तब चार श्रेणियों में 24 खिलाड़ियों के लिये अनुबंध की घोषणा की थी। इनमें से 'ए' श्रेणी में केवल छह खिलाड़ी शामिल थे और उनका वार्षिक वेतनमान 70,000 से एक लाख डालर के बीच था। बल्लेबाज धनंजय डिसिल्वा को सर्वाधिक वेतन वाले वर्ग में रखा गया था जबकि बाकी खिलाड़ियों का वेतनमान 70,000 से 80,000 डालर के बीच तय किया गया था।