बांग्लादेश के खिलाफ चल रहे दो मैचों की टी-20 सीरीज में श्रीलंकाई टीम को एक और बड़ा झटका लगा है। उनके मुख्य खिलाड़ी असेला गुनारत्ने दाएं हाथ में चोट के चलते सीरीज से बाहर हो गए हैं। वह चोट के कारण पहले मैच में भी नहीं खेल रहे हैं और दूसरे मुकाबले में भी नहीं खेलेंगे। उन्हें फील्डिंग अभ्यास में एक कैच के दौरान यह चोट लगी है। चोट ठीक कराने के लिए गुनारात्ने वापस कोलम्बो लौटेंगे। श्रीलंका क्रिकेट के मीडिया के मुताबिक वह श्रीलंका जाकर एमआरआई स्कैन कराएंगे।
गुनारत्ने की चोट श्रीलंका के लिए बड़ा झटका है। कुसल परेरा पहले ही साइड स्ट्रेन के चलते अपनी सेवाएँ नहीं दे पाएंगे। तीन देशों की त्रिकोणीय सीरीज के दौरान उन्हें यह चोट लगी थी। परेरा की जगह श्रीलंकाई चयन समिति ने कुसल मेंडिस को टीम में शामिल किया गया। इससे पहले एंजेलो मैथ्यूज भी हैमस्ट्रिंग चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए थे।
मालूम हो कि पिछले साल भी गुनारत्ने को टीम इंडिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान बाएँ हाथ के अंगूठे में चोट लग गई थी। इसके बाद उन्हें पूरे पांच महीने के लिए मैदान से दूर रहना पड़ा था। श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच टी-20 सीरीज का दूसरा मैच 18 फरवरी को खेला जाएगा।