देवदत्त पडिक्कल के शानदार अर्धशतक और गेंदबाजों के संतुलित प्रदर्शन के बावजूद भारत ए और श्रीलंका ए के बीच खेला गया दो मैचों की अनौपचारिक टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। चौथे और अंतिम दिन बारिश ने खेल में लंबा व्यवधान डाला, जिसके कारण मैच किसी नतीजे तक नहीं पहुंच सका। भारत ए ने अपनी दूसरी पारी 189/8 पर घोषित कर श्रीलंका ए को जीत के लिए 312 रन का लक्ष्य दिया था। जवाब में श्रीलंका ए ने 15 ओवर में दो विकेट पर 70 रन बनाए थे कि बारिश के कारण आगे का खेल संभव नहीं हो सका और मुकाबला ड्रॉ घोषित कर दिया गया।
दूसरी पारी में पडिक्कल ने दिखाई धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी
चौथे दिन भारत ए ने बिना विकेट खोए 48 रन से अपनी दूसरी पारी आगे बढ़ाई। बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 101 गेंदों में 67 रन बनाए, जिसमें पांच चौके शामिल रहे। उनके अलावा आयुष पांडे ने 38 रन, हर्ष दुबे ने 29 रन और कप्तान ध्रुव जुरेल ने 14 रन का योगदान दिया। भारत ए ने 57 ओवर में 8 विकेट पर 189 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। श्रीलंका ए की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर दिलुम सुदीरा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 15 ओवर में 49 रन देकर पांच विकेट झटके। वहीं रविंदु फर्नांडो, साहन आराच्चिगे और चमिका गुणसेकरा को एक-एक विकेट मिला।
बारिश ने छीनी रोमांचक मुकाबले की संभावना
312 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पवन्था वीरासिंघे 20 रन बनाकर आउट हुए, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज निरोशन डिकवेला नौ रन ही बना सके। बारिश के कारण खेल रुकने तक नुवानिदु फर्नांडो 16 और अशेन बंडारा 18 रन बनाकर नाबाद थे। श्रीलंका ए का स्कोर 15 ओवर में दो विकेट पर 70 रन था। भारत ए की ओर से औकिब नबी और हर्ष दुबे ने एक-एक विकेट हासिल किया।
पहली पारी में भारत ए ने बनाया था 452 रन
मैच की पहली पारी में भारत ए ने 452/6 का विशाल स्कोर खड़ा किया था। टीम के लिए ध्रुव जुरेल ने नाबाद 141 रन, साई सुदर्शन ने 132 रन और शेख रशीद ने 63 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। हर्ष दुबे ने भी 30 रन का योगदान दिया जवाब में श्रीलंका ए की पहली पारी 330 रन पर सिमट गई। मेजबान टीम के लिए नुवानिदु फर्नांडो ने 84, साहन आराच्चिगे ने 72 और अशेन बंडारा ने 70 रन बनाए। भारत ए की ओर से औकिब नबी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए। यश ठाकुर और हर्ष दुबे को दो-दो विकेट मिले, जबकि सारांश जैन और अंशुल कंबोज ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
अब दूसरे मुकाबले पर नजर
दो मैचों की इस अनौपचारिक टेस्ट सीरीज का दूसरा और अंतिम मुकाबला 2 से 5 जुलाई के बीच गाले में ही खेला जाएगा। दोनों टीमें सीरीज में बढ़त हासिल करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी।