दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रविवार को महिला टी20 विश्व कप 2026 का लीग मैच चार विकेट से गंवाने के साथ बांग्लादेशी टीम सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई है। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 117 रन बनाए। हालांकि, आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी भी काफी धीमी नजर आई। दक्षिण अफ्रीका ने 19.2 ओवर में छह विकेट पर 118 रन बनाकर जीत दर्ज की। इसके साथ ही ग्रुप-ए की अंक तालिका में दूसरा पायदान हासिल कर लिया है।
सेमीफाइनल की दौड़ हुई रोचक
- इस ग्रुप से ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और भारत सेमीफाइनल की दौड़ में बने हुए है।
- अगर भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त देती है, तो दक्षिण अफ्रीका इस ग्रुप में सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर होने वाला चौथा और अंतिम देश होगा।
- यानी भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए बस ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत चाहिए।
- भारत का नेट रन रेट दक्षिण अफ्रीका की तुलना में काफी बेहतर है।
दक्षिण अफ्रीका की धीमी पारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका को पारी की पहली ही गेंद पर कप्तान लौरा वोलवार्ट के रूप में बड़ा झटका लग गया था। यहां से ताजमिन ब्रित्ज ने एनेरी डर्कसेन के साथ दूसरे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला। ताजमिन 24 गेंदों में दो चौकों के साथ 20 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौटीं, जिसके बाद एनेरी ने मोर्चा संभाला, जिन्होंने 45 गेंदों में दो छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 45 रन बनाए। इस दौरान मारिजैन काप के साथ चौथे विकेट के लिए 28 रन जुटाए।
आसान लक्ष्य के सामने दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी धीमी नजर आई। हालांकि, टीम ने चार गेंदें शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। काप ने 16 रन का योगदान टीम के खाते में दिया, जबकि नादिन डि क्लार्क ने 15 रन बनाए। बांग्लादेश की तरफ से नाहिदा अख्तर ने सर्वाधिक दो विकेट हासिल किए। मारुफा अख्तर, संजीदा अख्तर और रितू मोनी ने एक-एक विकेट निकाला।
बांग्लादेश की बल्लेबाजी रही खराब
मैच की बात करें तो बांग्लादेश पांच विकेट खोकर 117 रन बनाए। इस टीम ने 14 के स्कोर तक दो विकेट गंवा दिए थे। यहां से सोभना मोस्तरी ने शर्मिन अख्तर के साथ तीसरे विकेट के लिए 62 गेंदों में 56 रन की साझेदारी की। शर्मिन 29 गेंदों में 22 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जबकि सोभना ने 48 गेंदों में 42 रन बनाए। इसके बाद कप्तान निगार सुल्ताना ने 20 गेंदों में एक छक्के और चार चौकों के साथ 32 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से नॉनकुलुलेको म्लाबा ने 22 रन देकर दो विकेट निकाले, जबकि मारिजैन काप, शबनीम इस्माइल और नादिन डी क्लार्क ने एक-एक विकेट हासिल किया।