ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन कर प्लेऑफ का टिकट कटाने वाली राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम बुधवार को एलिमिनेटर मुकाबले में एक दूसरे के सामने होंगी। दोनों टीमों के लिए इस मैच में जीत दर्ज करना बेहद जरूरी है क्योंकि यहां अगर हारे तो फाइनल की उम्मीदें खत्म हो जाएंगी। एलिमिनेटर की विजेता का सामना क्वालिफायर-1 की हारने वाली टीम से शुक्रवार को होगा। इस मैच में सबसे दिलचस्प बात 15 साल के वैभव सूर्यवंशी और अनुभवी तेज गेंदबाज पैट कमिंस का सामना करते हुए देखना होगा।
सनराइजर्स को वैभव-आर्चर से रहना होगा सावधान
अपने विस्फोटक बल्लेबाजों की मौजूदगी से बेहद मजबूत नजर आ रही सनराइजर्स हैदराबाद की टीम जब राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी की तो उसे 15 वर्ष के वैभव सूर्यवंशी और तेज तर्रार गेंदबाज जोफ्रा आर्चर से सावधान रहना होगा। सनराइजर्स की टूर्नामेंट की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही थी, लेकिन उसने दूसरे चरण में लय हासिल कर ली। नियमित कप्तान पैट कमिंस के आने से भी टीम को काफी फायदा हुआ, क्योंकि उसने अपने इन आखिरी सात मैचों में से पांच में जीत हासिल की। सनराइजर्स ने लीग चरण में राजस्थान रॉयल्स को दो बार हराया था और इस तरह से कमिंस और उनकी टीम को बहुत अधिक दबाव वाले नॉकआउट मुकाबले में मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल होगी।
शीर्ष क्रम है हैदराबाद का मजबूत पक्ष
- सनराइजर्स की तरफ से भी शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाजों अभिषेक शर्मा (563 रन), ट्रेविस हेड (393) और ईशान किशन (569) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
- नंबर चार पर बल्लेबाजी करने वाले हेनरिक क्लासेन (606) का विशेष रूप से उल्लेख करना जरूरी है, क्योंकि उन्होंने अब तक शानदार बल्लेबाजी की है।
- हैदराबाद अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जानी जाती है और बल्लेबाजी उनका हमेशा से मजबू पक्ष रहा है।
- ट्रेविस हेड मौजूदा सीजन में कई मौकों पर इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे हैं और एलिमिनेटर में भी इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलने उतर सकते हैं।
वैभव-यशस्वी पर निर्भर राजस्थान
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियाग पराग ने खुद स्वीकार किया कि उनकी टीम को लीग चरण के आखिरी दिन तक इंतजार करने से बहुत पहले ही क्वालिफाई कर लेना चाहिए था, लेकिन अब जबकि टीम वहां पहुंच गई है तब वह आगे बढ़ने के लिए बेताब होगी। रॉयल्स के शीर्ष क्रम में सूर्यवंशी (583 रन), यशस्वी जायसवाल (397) और ध्रुव जुरेल (458) ने सर्वाधिक रन बनाए हैं। बेखौफ बल्लेबाजी करने वाले सूर्यवंशी एक बार फिर कमिंस, ईशान मलिंगा (19) और साकिब हुसैन जैसे गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करने से नहीं हिचकिचाएंगे। अगर यह युवा बल्लेबाज पावरप्ले में अच्छी शुरुआत देता है तो वह विपक्षी टीम से मैच छिन सकता है। नांद्रे बर्गर और बृजेश शर्मा ने भी आर्चर का तेज गेंदबाजी विभाग में अच्छा साथ दिया है। युवा लेग-स्पिनर यश राज पुंजा अपने पहले आईपीएल सत्र में ही रवि बिश्नोई से आगे निकलकर प्रमुख स्पिनर के रूप में उभरे हैं, जबकि अनुभवी रवींद्र जडेजा को बल्ले और गेंद दोनों से और बेहतर प्रदर्शन करने की जरूरत है।
इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिच क्लासेन, सलिल अरोड़ा, समारन रविचंद्रन, नीतीश रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), हर्षल पटेल, शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवान फरेरा, शुभम दुबे, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, यश राज पुंजा, बृजेश शर्मा।