सनराइजर्स हैदराबाद की टीम आईपीएल 2020 में लगातार दो बड़े मुकाबले जीतकर प्लेऑफ की दौड़ में मजबूत दावेदार बन गई है। शीर्ष की टीम दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को एकतरफा मुकाबले में हराकर हैदराबाद के हौंसले बुलंद है। शनिवार को आरसीबी को हराकर चौथे स्थान पर पहुंचने के बाद कप्तान डेविड वार्नर काफी उत्साहित नजर आए।
वार्नर ने टीम की खास तौर पर गेंदबाजों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, 'यहां आने पर हमें पता था कि क्वालीफाई करने के लिए हमें शीर्ष टीमों को हराना होगा। अच्छे संतुलन और अच्छी साझेदारी के साथ हमने जीत दर्ज की।’
वार्नर ने कहा, 'आज सारा श्रेय गेंदबाजों को जाता है। विकेट धीमा हो गया है। गेंदबाजों को सामंजस्य बैठाना था। सिर्फ यॉर्कर या धीमी गेंद से काम नहीं चल सकता। आपको विकेटों पर गेंदबाजी करनी होगी। इतनी ओस गिरने से मैं हैरान नहीं था। जब यहां मौसम ठंडा होता है तो काफी ओस गिरती है।’
कप्तान ने गेंद और बल्ले से उम्दा प्रदर्शन करने वाले होल्डर की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘जेसन काफी अच्छा क्रिकेटर है। उसकी लंबाई के कारण अगर आपको उसे बाउंसर फेंकनी है तो काफी शॉर्ट गेंद करनी होगी और इस तरह की पिचों पर उसके लिए ऐसी गेंदों पर शॉट मारना आसान होगा। अगला मैच भी हमारे लिए करो या मरो का है। हम अब भी आईपीएल जीत सकते हैं। 2016 में भी हमें सभी तीन मैच जीतने थे।’