सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की। अभिषेक ने 21 गेंदों पर चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 48 रन बनाए। इसके साथ ही उन्होंने एक खास उपलब्धि अपने नाम दर्ज कर ली। अभिषेक आईपीएल में सनराइजर्स के लिए 100+ छक्के लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे आगे इस मामले में बस डेविड वॉर्नर हैं जिन्होंने आईपीएल में इस फ्रेंचाइजी के लिए 143 छक्के लगाए हैं।
केकेआर के टॉस जीतकर हैदराबाद को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। सनराइजर्स की शुरुआत बेहद शानदार रही और अभिषेक तथा हेड ने सनराइर्ज को आक्रामक शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 82 रनों की साझेदारी हुई। कार्तिक त्यागी ने हेड को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा जो 21 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 46 रन बनाकर आउट हुए।
पुराने लय में दिखे अभिषेक-हेड
अभिषेक और हेड आज पुराने अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे। इन दोनों की विस्फोटक पारी से ही सनराइजर्स ने पावरप्ले में एक विकेट पर 84 रन का स्कोर खड़ा किया। यह सनराइजर्स का आईपीएल में पावरप्ले में बनाया गया पांचवां सर्वोच्च स्कोर है। वहीं, किसी टीम का केकेआर के खिलाफ पावरप्ले में यह दूसरा सर्वोच्च स्कोर है। सनराइजर्स से पहले पंजाब किंग्स ने 2024 में केकेआर के खिलाफ पावरप्ले में एक विकेट पर 93 रन बनाए थे। इस टूर्नामेंट में टीम का पावरप्ले में सर्वोच्च स्कोर 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बिना किसी नुकसान के 125 रन बनाना है।
वॉर्नर से पीछे हैं अभिषेक
अभिषेक ने इस मैच में चार छक्के लगाए जिससे वह सनराइजर्स के लिए आईपीएल में 100 से ज्यादा छक्के लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। अभिषेक ने अब तक सनराइजर्स के लिए 101 छक्के लगाए हैं, जबकि डेविड वॉर्नर ने टीम के लिए 143 छक्के लगाए हैं। तीसरे स्थान पर हेनरिच क्लासेन हैं जिन्होंने आईपीएल में सनराइजर्स के लिए 89 छक्के लगाए हैं।