दिल्ली कैपिटल्स का सामना मंगलवार को आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद से होना है। दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल पिछले मैच में चोटिल हो गए थे। अब टीम के मुख्य कोच हेमांग बदानी ने अक्षर की फिटनेस को लेकर अपडेट दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कप्तान अक्षर पटेल आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले के लिए पूरी तरह फिट हैं।
कप्तान अक्षर को लेकर स्थिति स्पष्ट की
कप्तान अक्षर पटेल की फिटनेस पर उन्होंने साफ कहा कि सब कुछ ठीक है और अक्षर खेलने के लिए फिट हैं। वहीं, बदानी ने अपने बल्लेबाजों के मैच जिताने वाले प्रदर्शन का समर्थन करते हुए कहा कि टी20 क्रिकेट में निरंतरता से ज्यादा प्रभावी प्रदर्शन मायने रखता है। बदानी ने दिल्ली की बल्लेबाजी में कथित अस्थिरता को लेकर उठ रही चिंताओं को खारिज करते हुए कहा कि कुछ झटके लगे हैं, लेकिन टीम अपनी प्रक्रिया से संतुष्ट है।
बदानी ने कहा, संक्षेप में कहूं तो यह प्रारूप निरंतरता पर नहीं, बल्कि प्रभाव पर आधारित है। सही समय पर मौके को भुनाना और आगे बढ़कर जिम्मेदारी लेना ही असली बात है और मुझे लगता है कि हमने ऐसा किया है।नतीजे आएंगे या नहीं आएंगे, लेकिन जिस तरह से हम आगे बढ़ रहे हैं, उससे हम खुश हैं। जिन दो हार की बात हो रही है, उनमें से एक में डेविड मिलर के उस एक रन वाले मुकाबले में हालात अलग हो सकते थे।
समीर रिजवी का किया समर्थन
बदानी ने सत्र की शानदार शुरुआत के बाद पिछले कुछ मैचों में लचर प्रदर्शन करने वाले समीर रिजवी का समर्थन करते हुए कहा, अगर कोई खिलाड़ी आपको अकेले दम पर दो मैच जिता चुका है और इस सत्र में दो बार मैन ऑफ द मैच रहा है, तो मैं उससे संतुष्ट हूं। पिछले साल भी उसके खाते में तीन मैन ऑफ द मैच थे।