दिल्ली की पारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही थी। पहले ओवर में ही भुवनेश्वर ने फिलिप सॉल्ट को विकेटकीपर क्लासेन के हाथों कैच कराया। सॉल्ट खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद कप्तान डेविड वॉर्नर और मिचेल मार्श ने दूसरे विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी निभाई। मिचेल को टी नटराजन ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। मार्श 15 गेंदों में पांच चौके की मदद से 25 रन बना सके।
इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर की घातक गेंदबाजी देखने को मिली। आठवें ओवर में उन्होंने तीन विकेट झटके। सबसे पहले सुंदर ने वॉर्नर को हैरी ब्रूक के हाथों कैच कराया। वह 20 गेंदों में दो चौके और एक छक्के की मदद से 21 रन बना सके। इसके बाद सरफराज खराब शॉट खेलकर अपना विकेट गंवा बैठे। उन्होंने भुवनेश्वर को कैच थमाया। सरफराज नौ गेंदों में 10 रन बना सके। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए अमन हकीम खान भी इसी ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हो गए। सुंदर ने उन्हें अभिषेक शर्मा के हाथों कैच कराया। अमन चार रन बना सके।
62 रन पर पांच विकेट गिरने के बाद मनीष पांडे और अक्षर पटेल ने छठे विकेट के लिए 60 गेंदों में 69 रन की साझेदारी निभाई। अक्षर पटेल 18वें ओवर में आउट हुए। उन्हें भुवनेश्वर ने क्लीन बोल्ड किया। अक्षर ने 34 गेंदों में चार चौके की मदद से 34 रन की पारी खेली। इसके बाद मनीष पांडे रन आउट हो गए। वह 27 गेंदों में दो चौके की मदद से 34 रन बना सके। रिपल पटेल छह गेंदों में पांच रन और एनरिक नॉर्त्जे दो रन बनाकर रन आउट हुए। कुलदीप तीन गेंदों में चार रन और ईशांत शर्मा एक रन बनाकर नाबाद रहे।
हैदराबाद के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। भुवनेश्वर ने चार ओवर में 11 रन देकर दो विकेट झटके। वहीं, वॉशिंगटन सुंदर ने चार ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट लिए। टी नटराजन ने तीन ओवर में 21 रन दिए और मिचेल मार्श का महत्वपूर्ण विकेट लिया।
145 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम की शुरुआत खराब रही। इस आईपीएल के पहले शतकवीर हैरी ब्रूक 14 गेंदों में सात रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मयंक अग्रवाल और राहुल त्रिपाठी ने दूसरे विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी निभाई। मयंक एक रन से अर्धशतक से चूक गए। वह 39 गेंदों में सात चौके की मदद से 49 रन बनाकर आउट हुए।
वहीं, राहुल त्रिपाठी 21 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए। अभिषेक शर्मा (5) को कुलदीप और एडेन मार्करम (3) को अक्षर ने पवेलियन भेजा। क्लासेन और सुंदर ने पारी संभालने की कोशिश की और छठे विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी निभाई। क्लासेन को 19वें ओवर में नॉर्त्जे ने अमन खान के हाथों कैच कराया। वह 19 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 31 रन बना सके।
आखिर में सुंदर 15 गेंदों में तीन चौके की मदद से 24 रन और मार्को यानसेन दो रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। दिल्ली की ओर से नॉर्त्जे और अक्षर ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, ईशांत शर्मा और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला।