स्पॉट फिक्सिंग के जरिए क्रिकेटर पैसा ही नहीं बटोर रहे थे, बल्कि वह लड़कियों के साथ जमकर मौज मस्ती और अय्याशी भी कर रहे थे।
दिल्ली पुलिस ने जब श्रीसंत को गिरफ्तार किया था तो वह कार में पीछे एक लड़की के साथ बैठा था। उस समय उसने शराब भी पी रखी थी।
अजीत चंडीला और बुकी जीजू को जब पकड़ा गया, तब उनके साथ कार में भी लड़कियां थीं। श्रीसंत व अजीत ने जब अपनी-अपनी कार से निकलने में आनाकानी की तो पुलिसकर्मियों को उन्हें गाड़ियों से खींचकर बाहर निकालना पड़ा था।
श्रीसंत की कार दक्षिण का एक जानामाना फिल्म अभिनेता चला रहा था। श्रीसंत ने कार में मौजूद लड़की को अपनी गर्लफ्रेंड बताया था।
दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (स्पेशल सेल) एसएन श्रीवास्तव ने बताया कि खिलाड़ियों के साथ मिली लड़कियों की स्पॉट फिक्सिंग में अभी तक कोई भूमिका सामने नहीं आई है। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि श्रीसंत लड़की व अभिनेता के साथ पब जा रहा था।
पुलिसकर्मियों ने होटल के बाहर श्रीसंत की गाड़ी को रुकवा कर गिरफ्तार किया। पुलिसकर्मी उसे गाड़ी से खींचकर ले गए। पुलिस ने अभिनेता और लड़की से भी पूछताछ की थी, मगर दोनों की फिक्सिंग में कोई भूमिका सामने नहीं आई।
पूछताछ के बाद दोनों को छोड़ दिया गया। पुलिस ने श्रीसंत को मुंबई एयरपोर्ट तक यह भनक नहीं लगने दी थी कि उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। एयरपोर्ट जाते हुए श्रीसंत अपने माथे को बार-बार पीट रहा था। वह बहुत डर गया था।
पुलिस ने सबसे पहले अजीत चंडीला को गिरफ्तार किया था। पुलिसकर्मियों ने उसकी गाड़ी को कॉन्टिनेंटल होटल के बाहर रुकवाकर सबसे पहले गाड़ी की चाबी निकाली। पुलिसकर्मियों ने अपना परिचय देते हुए अजीत को गाड़ी से बाहर आने के लिए कहा।
मगर अजीत गाड़ी से बाहर नहीं आया और हंगामा करने का प्रयास किया। इस पर पुलिसकर्मियों ने उसे गाड़ी से खींच लिया और हंगामा न करने की हिदायत दी।
विशेष पुलिस आयुक्त ने बताया कि गिरफ्तारी के समय बुकी जीजू के साथ भी लड़की थी। पुलिस के मुताबिक बुकी मनन की फोन टैपिंग से भी खिलाड़ियों के पास लड़की भेजने की बात का खुलासा हुआ है।