आईपीएल 6 में हुई स्पॉट फिक्सिंग में दिल्ली पुलिस की मंगलवार को दाखिल चार्जशीट 6 हजार पन्नों की है और इस चार्जशीट में क्रिकेटर एस श्रीसंत को 10वें स्थान पर रखा गया है।
पुलिस छह हजार पन्नों की मूल कॉपी के साथ आठ आरोपियों को देने के लिए 48 हजार पन्नों की प्रतियां लेकर आई थी। चार्जशीट में राजस्थान रॉयल्स के तीनों पूर्व क्रिकेटरों श्रीसंत, अजीत चंडीला और अंकित चव्हाण समेत 39 आरोपियों के नाम हैं।
चार्जशीट में श्रीसंत के साथ माफिया डॉन दाऊद इब्राहीम और छोटा शकील के भी नाम हैं। दिल्ली पुलिस ने 16 मई को स्पॉट फिक्सिंग मामले का खुलासा किया था।
आरोपियों की सूची में श्रीसंत को 10वां स्थान
खेल के मैदान में दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर, महान फुटबॉलर पेले, डिएगो माराडोना, जिनेदिन जिदान और लियोन मेसी की जर्सी नंबर 10 रही है लेकिन गुनाहों के मैदान पर श्रीसंत की जर्सी नंबर 10 है।
चार्जशीट में 10वें स्थान पर जगह पाने वाले श्रीसंत का पसंदीदा नंबर 36 है। और वह इसी नंबर के साथ टीम इंडिया और आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की टीम के साथ मैदान पर उतरते थे। साथ ही उन्होंने एस 36 स्पोर्ट्स के नाम से एक कंपनी भी बनाई थी।
जांच के बाद चार्जशीट अदालत में पेश कर दी गई और आरोपियों व उनके वकीलों को चार्जशीट के बंडल सुपुर्द कर दिए गए। श्रीसंत समेत बाकी 21 आरोपियों को देने के लिए पुलिस को एक लाख 26 हजार पेजों की कॉपियां तैयार करानी होंगी।
संभव है कि पुलिस इससे बचने के लिए अदालत की अनुमति से ई चार्जशीट आरोपियों को भेज दे।
आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग मामले में आरोपी श्रीसंत, अंकित चव्हाण समेत जमानत पाए 21 आरोपियों की मुश्किलें फिर बढ़ सकती हैं। पुलिस ने आवेदन दायर कर इन सभी की जमानत रद्द करने का आग्रह किया है।
साकेत स्थित अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश योगेश खन्ना के समक्ष पुलिस ने आवेदन दायर कर कहा है कि मामले की व्यापक जांच व पुख्ता साक्ष्य एकत्रित करने के लिए इन सभी को फिर से हिरासत में लेना जरूरी है।
अदालत ने 10 जून को 21 आरोपियों को जमानत दी थी जबकि आठ अन्य की जमानत पर सुनवाई विचाराधीन है।
चार्जशीट में राजकुंद्रा व शिल्पा का नाम नहीं
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आईपीएल फिक्सिंग मामले में कोर्ट में दाखिल चार्जशीट में राजस्थान रॉयल्स के मालिक राजकुंद्रा और उनकी पत्नी शिल्पा शेट्टी का जिक्र नहीं किया है।
आठ अभियुक्तों के खिलाफ वारंट जारी करने का आग्रह
दिल्ली पुलिस ने दावा किया है कि उनके पास ऐसा गवाह है जिसने दाऊद की रिकॉर्ड की गई आवाज की पहचान की है। पुलिस ने अदालत के समक्ष कहा उनके पास इस बात के पुख्ता साक्ष्य हैं कि आईपीएल फिक्सिंग में दाऊद व उनके गुर्गे पूरी तरह से लिप्त हैं।
साथ ही पुलिस ने मामले में फरार आठ आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने का आग्रह किया है। इनमें से अधिकांश पाकिस्तान में रह रहे हैं।
दिल्ली पुलिस के अधिवक्ता राजीव मोहन ने बताया कि दाऊद इब्राहिम व उसके गुर्गों छोटा शकील, जावेद चौटानी, सलमान व एहतेशाम इत्यादि के खिलाफ पूरे साक्ष्य हैं। पूरा सिंडीकेट दाऊद का था।
दाऊद ने धमकाया था रमेश व्यास को
चार्जशीट से यह बात सामने आई है कि दाऊद भारत के बुकीज को धमकाता था। पुलिस के अनुसार, दाऊद ने रमेश व्यास को फोन कर धमकाया था।
दाऊद ने उससे कहा था कि वह डॉक्टर यानि चौटानी और मास्टर यानि सलमान के साथ मिलकर काम करे।
पुलिस ने आरोपियों को मुख्य षड्यंत्रकर्ता, सह षड्यंत्रकर्ता और उसके बाद के षडयंत्रकर्ता के रूप में पेश किया है। सभी को कैटेगरी में बांटा गया है। पुलिस ने मैप बनाकर यह दिखाया है कि सभी ग्रुप आपस में कैसे जुड़े हुए थे।