दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी क्विंटन डीकॉक ने इतिहास रच दिया। विकेट के पीछे 'दोहरा शतक' यानी बतौर विकेटकीपर 200वां शिकार पूरा करते ही डीकॉक ने ऑस्ट्रेलिया दिग्गज एडम गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
जोहांसबर्ग के वॉन्डरर्स मैदान पर दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे चौथे और आखिरी टेस्ट मैच में क्विंटन डीकॉक ने यह कीर्तिमान स्थापित किया। 27 वर्षीय इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने पेसर नॉकिया की गेंद पर ऑली पोप का अपना 200वां शिकार बनाया।
क्विंटन डीकॉक ने 45वें टेस्ट मैच में 200 शिकार पूरे किए, जबकि गिलक्रिस्ट को इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 47 टेस्ट लगे थे। गिलक्रिस्ट के बाद एक और कंगारू विकेटरकीपर ब्रैड हैडिन का नंबर आता है, जिन्होंने 50वें टेस्ट में 200 शिकार पूरे किए थे। फिर पाकिस्तानी कामरान अकमल और दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज मार्क बाउचर (52-52 टेस्ट) आते हैं।
इस मैच में डीकॉक अपने बेहतरीन खेल से फैंस का जमकर मनोरंजन कर रहे हैं। पहली पारी में उन्होंने तीन शिकार तो दूसरी पारी में चार शिकार किए। मौजूदा सीरीज में बल्ले से भी उनका दमदार खेल जारी है। डीकॉक ने टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक चार अर्धशतकों के साथ अबतक पारियों में 48.71 की औसत से 341 रन बनाए हैं।