तेज गेंदबाज डेल स्टेन के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान को चौथे वनडे में हराकर सीरीज में अजेय बढ़त बना ली है।
अबुधाबी में खेला गया पांच मैचों की वनडे सीरीज का चौथा मैच दक्षिण अफ्रीका ने 28 रन से जीता। अफ्रीकी टीम की बढ़त 3-1 की हो गई है।
दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ओपनर क्विंटन डी कॉक के 112 रन की मदद से 50 ओवर में पांच विकेट पर 266 रन का स्कोर खड़ा किया।
जवाब में डेल स्टेन ने पांच विकेट लेकर चार गेंद शेष रहते पाकिस्तान की पारी का 238 रन पर अंत कर दिया। स्टेन ने 10 ओवर में 25 रन देकर पांच विकेट झटके और यह उनके वनडे करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी है।
पाक की ओर से कप्तान मिस्बाह-उल-हक ने सर्वाधिक 65 रनों का योगदान दिया।
सीरीज का पांचवां और अंतिम मैच 11 नवंबर को शारजाह में खेला जाएगा।