याद हो कि प्रोटियाज टीम ने टेस्ट के पहले दिन
ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 243 रन पर समेट दी थी। अब दक्षिण अफ्रीका को पहली पारी के आधार पर 20 रन की बढ़त मिल गई है जबकि उसके 3 विकेट शेष हैं।
दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे दिन अपनी पारी 39/1 के स्कोर से आगे बढ़ाई।
डीन एल्गर (57) और नाईटवॉचमैन
कागिसो रबाडा (29) ने 45 रन की साझेदारी करते हुए प्रोटियाज को 50 रन के पार लगाया। ऑस्ट्रेलिया को दिन की पहली सफलता पैट कमिंस ने दिलाई। तेज गेंदबाज ने रबाडा को क्लीन बोल्ड किया।
इसके बाद एल्गर ने हाशिम अमला (56) के साथ पारी को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी की और कंगारू को बैकफुट पर भेज दिया। इस खतरनाक जोड़ी को स्टार्क ने तोड़ा और ऑस्ट्रेलिया की दमदार वापसी कराई। उन्होंने अमला को क्लीन बोल्ड किया। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 148 गेंदों में 6 चौको की मदद से 56 रन बनाए।
जल्द ही हेजलवुड ने एल्गर को विकेटकीपर पैन के हाथों झिलवाकर अफ्रीका को तगड़ा झटका दिया। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 197 गेंदों में 6 चौको की मदद से 57 रन बनाए। फिर एबी डीविलियर्स (74*) ने कंगारू गेंदबाजों का डटकर मुकाबला किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से किसी का साथ नहीं मिला। कप्तान फाफ डू प्लेसी (9) और थियुनिस डी ब्रुइन (1) को मिचेल मार्श ने अपना शिकार बनाकर प्रोटियाज को बड़ी बढ़त लेने से रोक दिया।
क्विंटन डी कॉक (9) को नाथन लायन ने क्लीन बोल्ड करके दक्षिण अफ्रीका को सातवां झटका दिया। इसके बाद डीविलियर्स ने फिलेंडर के साथ मिलकर 36 रन की साझेदारी की और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को विकेट नहीं लेने दिया। डीविलियर्स ने 81 गेंदों में 14 चौको की मदद से नाबाद 74 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से पैट कमिंस और मिचेल मार्श ने दो-दो जबकि मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लायन को एक-एक विकेट मिला।