अक्सर टीमें मैच के दौरान रणनीति बनाते समय इस बात को लेकर सचेत रहती हैं कि उनकी योजना का पता विपक्षी टीम को न लग जाए। लेकिन कभी-कभार टीम प्रबंधन से चूक हो जाती है और सारी रणनीति सबके सामने आ जाती है।
ऐसा ही दिलचस्प वाकया हुआ दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच पहले वनडे मुकाबले से पहले। दोनों ही टीमें वनडे मुकाबले में उतरने की तैयारियों में लगी थी कि फेसबुक पर हुए एक पोस्ट ने सारा राज खोल कर रख दिया। अफ्रीकी टीम प्रबंधन ने इस चूक को स्वीकार भी कर लिया है।
दक्षिण अफ्रीकी टीम प्रबंधन ने माना कि न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले के लिए विपक्षी बल्लेबाजों के खिलाफ उनके गेंदबाजों के लिए रणनीति तैयार की गई थी, लेकिन एक छोटी सी चूक ने इस योजना को सबके सामने कर दिया।
एक चूक से दक्षिण अफ्रीका का खुल गया पूरा मामला
दक्षिण अफ्रीकी टीम प्रबंधन की इस चूक का पूरा मामला तब सामने आया जब सैंडटन होटल के एक मेहमान ने फेसबुक पर एक तस्वीर पोस्ट कर दी जिस पर मेजबान टीम ने गेंदबाजी करने की पूरी योजना तैयार की थी। दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच बुधवार को सेंचुरियन में पहला वनडे मैच खेला जाना है और मैच शुरू होने से पहले ही किवी बल्लेबाजों पर आक्रमण की योजना को सामने रख दिया।
उस महिला मेहमान ने बताया कि यह रणनीति दक्षिण अफ्रीकी टीम के तेज गेंदबाज डेल स्टेन के नाम तैयार की गई थी जो गलती से उनके कमरे के दरवाजे के पास गिर गई।
टीम के प्रवक्ता लेरेटो माल्कुटु ने कहा कि यह सही है लेकिन बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।
ऐसा नहीं है कि पहली बार किसी क्रिकेट टीम की रणनीति गलत हाथों में पहुंच गई हो। इससे पहले भी कई बार ऐसी अजीबोगरीब घटना घटी है। 2001 में ऑस्ट्रेलिया के इंग्लैंड दौरे के दौरान ऐसी ही योजना होटल के गलत कमरे में पहुंच गई थी।
दक्षिण अफ्रीकी टीम प्रबंधन की ओर से तैयार इस योजना में बल्लेबाजों को कैसी गेंद डाली जाए पर काम किया गया है। इस योजना में हर बल्लेबाज को तीन वर्गों 'एरियाज टू बॉल, बाउंसर्स और डेथ ओवर' में रखा गया है। बल्लेबाजों को गेंद कैसी डाली जाए ज्यादा फोकस इसी पर किया गया है। रणनीति की शुरुआत 'फोर्थ स्टंप्स, गुड लेंथ' से होती है।
न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज और कार्यवाहक कप्तान केन विलियम्सन को ऑन द अप गेंदबाजी करने का सुझाव है।
महिला को न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर ने दिया फ्री टिकट का ऑफर
दक्षिण अफ्रीकी टीम प्रबंधन की ओर से तैयार की गई इस योजना को सबके सामने लाने वाली एक महिला है और उनका नाम है सांद्रा तियासडेल। अब तियासडेल को इस वनडे मैच को देखने के लिए न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर जेम्स नीशाम ने फ्री टिकट का ऑफर दिया है।
प्रबंधन ने कीवी टीम के सभी बल्लेबाजों पर अंकुश बनाने के लिए खाका तैयार किया था। इसी खाके में नीशाम को पगबाधा आउट करने की बात कही गई थी।
तियासडेल ने फेसबुक पर अपने पोस्ट में लिखा, "मैं चौंक गई क्योंकि इसका मतलब तो यही है डेल आज रात मेरे कमरे में सोने वाले हैं।"