दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज डुआने ओलिवर ने मंगलवार को अपनी टीम को छोड़ने का बड़ा फैसला लिया है। ओलिवर ने काउंटी टीम यॉर्कशायर के साथ तीन साल का करार किया है, जिसके चलते वह दक्षिण अफ्रीका की टीम में अपनी सेवा नहीं दे पाएंगे।
दक्षिण अफ्रीका को श्रीलंका के खिलाफ मिली टेस्ट सीरीज की शर्मनाक हार में डुआने ओलिवर टीम का हिस्सा थे। हाल ही में उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ वन-डे क्रिकेट में डेब्यू किया था। ओलिवर ने दो वन-डे के बाद ही दक्षिण अफ्रीका की टीम का साथ छोड़ दिया।
ओलिवर ने पिछली कुछ टेस्ट सीरीज में शानदार गेंदबाजी की थी। पाकिस्तान के खिलाफ पिछले साल दिसंबर में खेली गई सीरीज में वह मैच विनर बनकर उभरे थे। सेंचुरियन टेस्ट में उन्होंने पहली पारी में 6 जबकि दूसरी पारी में 5 विकेट चटकाए थे।
इस मैच को दक्षिण अफ्रीका ने 6 विकेट से जीता था और डुआने ओलिवर को 11 विकेट लेने की वजह से प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। बता दें कि दक्षिण अफ्रीका की तरफ से ओलिवर ने 10 टेस्ट और 2 वन-डे मैच खेले हैं। टेस्ट मैच में उनके नाम 48, जबकि वन-डे में तीन विकेट दर्ज हैं। टेस्ट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 37 रन देकर 6 विकेट रहा है।