फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs SA: चेज करते हुए जुलाई के बाद पहली बार हारा भारत, द.अफ्रीका 49 रन से जीता, सूर्यकुमार प्लेयर ऑफ द सीरीज

Tue, 04 Oct 2022 11:36 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, इंदौर

सार

India vs South Africa  (IND vs SA) 3rd T20i: भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। टीम इंडिया ने तीन बदलाव किए थे। वहीं, दक्षिण अफ्रीका ने एक बदलाव किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 227 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 18.3 ओवर में 178 रन पर सिमट गई।
विज्ञापन
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका तीसरा टी20 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दक्षिण अफ्रीका ने तीसरे टी20 में भारत को 49 रन से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 227 रन बनाए। राइली रूसो ने 48 गेंदों में नाबाद 100 रन की पारी खेली। जवाब में भारतीय टीम 18.3 ओवर में 178 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से दिनेश कार्तिक ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए। तीन मैचों में 119 रन बनाने वाले सूर्यकुमार यादव को प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड दिया गया।
विज्ञापन

वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलिया रवाना होगी टीम इंडिया

हालांकि, इस हार से सीरीज के नतीजों पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। भारत पहले ही सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर चुका है। टीम इंडिया ने पहला टी20 आठ विकेट और दूसरा टी20 16 रन से अपने नाम किया था। यह टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम की आखिरी टी20 सीरीज थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम इंडिया बुधवार या गुरुवार को वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलिया रवाना हो सकती है। ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन में भारत को 16 अक्तूबर को ऑस्ट्रेलिया और 17 अक्तूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो प्रैक्टिस मैच खेलने हैं।


 

तीन मैचों की वनडे सीरीज में नहीं खेलेंगे सीनियर खिलाड़ी

वहीं, गुरुवार से शिखर धवन के नेतृत्व में भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। वनडे टीम में टी20 वर्ल्ड कप के लिए चुनी गई टीम का कोई खिलाड़ी नहीं है। श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है। इसमें भारत के युवा सितारे दक्षिण अफ्रीका का सामना करते दिखेंगे। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के स्क्वॉड में ज्यादातर वही खिलाड़ी होंगे, जो फिलहाल टी20 सीरीज का हिस्सा थे। छह, नौ और 11 अक्तूबर को तीन वनडे मैच खेले जाएंगे।

जुलाई के बाद पहली बार लक्ष्य का पीछा करते हुए हारे

भारतीय टीम करीब तीन महीने बाद टी20 में चेज करते हुए हारी है। पिछली बार टीम इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई में नॉटिंघम टी20 में चेज करते हुए 17 रन से हारी थी। इसके बाद भारत ने पांच टी20 में सफलतापूर्वक लक्ष्य का पीछा किया और जीत हासिल की। अब छठे टी20 में भारत को चेज करते हुए हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू मैदान पर पहली टी20 सीरीज जीती है।

भारत का पिछले सात मैचों में लक्ष्य का पीछा करते हुए रिजल्ट
नतीजा अंतर खिलाफ जगह तारीख
हार 17 रन इंग्लैंड नॉटिंघम 10 जुलाई 2022
जीत 7 विकेट वेस्टइंडीज बसेतेरे 2 अगस्त 2022
जीत 5 विकेट पाकिस्तान दुबई 28 अगस्त 2022
जीत 6 विकेट ऑस्ट्रेलिया नागपुर 23 सितंबर 2022
जीत 6 विकेट ऑस्ट्रेलिया हैदराबाद 25 सितंबर 2022
जीत 8 विकेट दक्षिण अफ्रीका तिरुवनंतपूरम 28 सितंबर 2022
हार 49 रन दक्षिण अफ्रीका इंदौर 4 अक्तूबर 2022
नोट: यह सिर्फ उन मैचों का है, जिसमें भारत ने चेज किया है

दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत खराब रही

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफ्रीका की शुरुआत खराब रही। कप्तान तेम्बा बावुमा तीन रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद क्विंटन डिकॉक और राइली रूसो के दम पर अफ्रीका ने 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 227 रन बनाए। राइली रूसो ने 48 गेंदों पर 100 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और आठ छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 208.33 का रहा।

रूसो और डिकॉक की बेहतरीन पारी

वहीं, क्विंटन डिकॉक 43 गेंदों में 68 रन बनाकर रन आउट हुए। रूसो और डिकॉक ने 47 गेंदों में 89 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद रूसो ने स्टब्स के साथ पारी संभाली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 44 गेंदों में 87 रन की साझेदारी निभाई। ट्रिस्टन स्टब्स 18 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए। स्टब्स ने दो चौके और एक छक्का लगाया। डेविड मिलर पांच गेंदों में 19 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी पारी में मिलर ने तीन छक्के लगाए। दीपक चाहर और उमेश यादव को एक-एक विकेट मिला।


राइली रूसो

आखिरी पांच ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने 73 रन बनाए

आखिरी पांच ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने एक विकेट गंवाकर 73 रन बनाए। हालांकि, 19वें ओवर में पिछले मैचों की तुलना में कम रन बने। इस मैच में सिराज ने 19वें ओवर में 11 रन दिए। वहीं, 20वें ओवर में दीपक चाहर ने 24 रन लुटाए। 227 रन भारत के खिलाफ टी20 में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के नाम है। उन्होंने 2016 में लॉडरहिल में भारत के खिलाफ छह विकेट पर 245 रन बनाए थे। भारत वह मैच हार गया था। वहीं, इस मैच में भी टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा।


राइली रूसो

टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही

228 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही थी। रोहित शर्मा खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। इसके बाद श्रेयस अय्यर एक रन और ऋषभ पंत 14 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके और दो छक्के लगाए। दिनेश कार्तिक 21 गेंदों में 46 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में कार्तिक ने चार चौके और चार छक्के लगाए। वहीं, शानदार फॉर्म में चल रहे सूर्यकुमार इस मैच में कुछ खास नहीं कर सके और छह गेंदों में आठ रन बनाकर पवेलियन चलते बने।


दिनेश कार्तिक

चाहर को छोड़कर लोअर ऑर्डर भी फेल

इसके बाद अक्षर पटेल आठ गेंदों में नौ रन, हर्षल पटेल 12 गेंदों में 17 रन और रविचंद्रन अश्विन चार गेंदों में दो रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद दीपक चाहर और उमेश यादव ने नौवें विकेट के लिए 26 गेंदों में 48 रन की साझेदारी निभाई। चाहर 17 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के की मदद से 31 रन बनाकर आउट हुए।
विज्ञापन

प्रिटोरियस ने झटके तीन विकेट

वहीं, प्रिटोरियस ने मोहम्मद सिराज को मिलर के हाथों कैच कराकर भारतीय पारी को 178 रन पर समेट दिया। उमेश यादव 17 गेंदों में 20 रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका के लिए प्रिटोरियस ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं, वेन पार्नेल, लुंगी एनगिडी और केशव महाराज को दो-दो विकेट मिले। कगिसो रबाडा को एक विकेट मिला।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें