इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीकी टीम ने अपनी पेस बैटरी के शानदार प्रदर्शन की बदौलत मेजबान इंग्लैंड की बल्लेबाजी को धराशाई कर दिया और मैच में 340 रन से जीत हासिल कर ली। जीत के लिए दूसरे टेस्ट में जीत के लिए 474 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की पूरी टीम 44.2 ओवर में 133 रन पर ढेर हो गई। दक्षिण अफ्रीका की ओर से वर्नान फिलेंडर और केशव महाराज ने 3-3 और डाउनी ओलिवर और क्रिस मॉरिस ने इंग्लैंड के 2-2 विकेट चटकाए। पूर्व कप्तान एलेस्टर कुक दूसरी पारी में इंग्लैंड के सबसे सफल बल्लेबाज रहे उन्होंने सर्वाधिक 42 रन बनाए। इंग्लैंड के 7 बल्लेबाज दो अंक तक भी नहीं पहुंच सके।
दूसरे टेस्ट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 335 रन बनाए। इसके जवाब में मेजबान इंग्लैंड महज 205 रन ही बना सकी। पहली पारी में 130 रन की बढ़त हासिल करने के बाद अफ्रीकी टीम ने दूसरी पारी में भी शानदार बल्लेबाजी की और अमला और एल्गर की पारियों की बदौलत 9 विकेट पर 343 रन पर घोषित कर दी। जीत के लिए 474 रन का इंग्लैंड पीछा नहीं कर पाई। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज वर्नान फिलेंडर को दोनों पारियों में शानदार गेंदबाजी करने के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।