पोचेफस्ट्रम में दक्षिण अफ्रीका ने बांग्लादेश को पहले टेस्ट में 333 रनों से हराकर सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है। दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीका ने 6 विकेट पर 247 रन बनाने के बाद बांग्लादेश को टेस्ट मैच जीतने के लिए 424 रनों का लक्ष्य दिया। जिसका पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम महज 32.4 ओवर में 90 रन पर आल आउट हो गई। दक्षिण अफ्रीका की ओर से दूसरी पारी में कगिसो रबाडा ने 3 तथा बाएं हाथ के स्पिनर महाराज ने 25 रन देकर 4 विकेट लिए। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज मोर्नी मोर्कल चोट लगने की वजह से छह सप्ताह तक क्रिकेट से दूर हो गए हैं।
रविवार के स्कोर तीन विकेट पर 49 रन से आगे खेलते हुए बांग्लादेश ने सोमवार को जल्दी जल्दी विकेट गंवा दिए। दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में डीन एल्गर और हाशिम अमला के शतकों की बदौलत तीन विकेट खोकर 496 रन बनाए थे। जिसके जवाब में बांग्लादेश ने पहली पारी में 320 रन बनाए। डीन एल्गर ने शानदार 199 रन बनाए। अमला ने 137 रनों का योगदान दिया।