जॉनी बेयरस्टो को बोल्ड करने के बाद विकेट का जश्न मनाते हुए केशव महाराज
- फोटो : twitter
दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों ने दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन शनिवार को मेजबान इंग्लैंड को बैकफुट पर धकेल दिया। नॉटिंघम में प्रोटियाज गेंदबाजों के सामने इंग्लिश बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए और पूरी टीम 205 रन पर सिमट गई। स्टंप्स के समय दक्षिण अफ्रीका ने अपनी दूसरी पारी में एक विकेट खोकर 75 रन बना लिए हैं। डीन एल्गर (38*) और हाशिम अमला (23*) क्रीज पर जमे हुए हैं। मेहमान टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ कुल 205 रन की बढ़त हासिल कर ली है, जबकि उसके 9 विकेट शेष हैं।
दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे दिन अपनी पारी 309/6 से आगे बढ़ाई। पहले सत्र में जेम्स एंडरसन की स्विंग गेंदबाजी के सामने प्रोटियाज बल्लेबाज असहाय नजर आए और जल्द ही पूरी टीम 335 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड की तरफ से जेम्स एंडरसन ने अपने टेस्ट करियर में 22वीं बार एक पारी में 5 विकेट लिए। स्टुअर्ट ब्रॉड ने तीन जबकि बेन स्टोक्स ने दो विकेट लिए।
एंडरसन के बाद दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों ने मोर्चा संभालते हुए मेजबान टीम को पस्त कर दिया। वर्नन फिलैंडर ने ओपनर एलिस्टर कुक (3) को विकेटकीपर डी'कॉक के हाथों की शोभा बनाकर पवेलियन भेजा। मोर्ने मोर्केल ने कीटन जेनिंग्स को खाता भी नहीं खोलने दिया और विकेटकीपर डी'कॉक के हाथों झिलवाया।
यहां से गैरी बेलांस (27), कप्तान जो रूट (78) और जॉनी बेयरस्टो (45) ने प्रोटियाज गेंदबाजों को लय से भटकाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन मोर्केल ने इंग्लिश कप्तान को विकेटकीपर के हाथों की शोभा बनाकर मेहमान टीम की जोरदार वापसी कराई। रूट इंग्लैंड के सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे, जिन्होंने सिर्फ 76 गेंदों में 12 चौकों की मदद से अर्धशतकीय पारी खेली।
केशव महाराज ने बेन स्टोक्स को खाता भी नहीं खोलने दिया और ऑलराउंडर के आउट होते ही जल्दी-जल्दी इंग्लैंड टीम पवेलियन में जा बैठी। इंग्लैंड के अंतिम चार बल्लेबाज सिर्फ 6 रन जोड़कर आउट हुए। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से क्रिस मॉरिस और केशव महाराज ने तीन-तीन जबकि मोर्ने मोर्केल व वर्नन फिलैंडर ने दो-दो विकेट लिए।
दक्षिण अफ्रीका की भी दूसरी पारी में शुरुआत दमदार नहीं रही। एंडरसन ने हिनो कुन (8) को रूट के हाथों झिलवाया। इसके बाद हाशिम अमला और डीन एल्गर ने टीम को कोई नुकसान नहीं होने दिया और दक्षिण अफ्रीका की स्थिति मजबूत कर दी। अमला 47 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 23 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं। डीन एल्गर 63 गेंदों में 6 चौकों की मदद से नाबाद 38 बनाकर खेल रहे हैं।