पहली पारी में छह विकेट लेने वाले डेल स्टेन ने दूसरी पारी में भी पांच विकेट लेकर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन ही पाकिस्तान को 211 रन से हारने पर मजबूर कर दिया। पहली पारी में मात्र 49 रन पर सिमट चुकी मेहमान टीम 480 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए 268 रन ही बना सकी। ‘मैन आफ द मैच’ स्टेन ने पहली पारी में 8.1 ओवर में मात्र आठ रन पर देकर छह विकेट लिए थे जबकि दूसरी पारी में उन्होंने 52 रन देकर पांच विकेट लिए। किसी मैच में स्टेन के कैरियर का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
मिस्बाह, शफीक ने की हार टालने की कोशिश
सुबह चार विकेट पर 183 रन से आगे खेलने उतरी पाकिस्तान को पहला झटका अशद शफीक के रूप में लगा। शफीक (56) अपने स्कोर में मात्र तीन और जोड़कर स्टेन का शिकार हो गए। स्टेन ने अपने अगले ओवर में मिस्बाह उल हक (64) को भी चलता कर पाकिस्तान को हारने के लिए मजबूर कर दिया। मिस्बाह और शफीक ने पांचवें विकेट के लिए 127 रन की साझेदारी निभाई।
कैच लपककर डीविलियर्स ने बनाया रिकॉर्ड
चौथे दिन पाकिस्तान ने 85 रन जोड़कर शेष छह विकेट गंवा दिए। इस बीच विकेटकीपर एबी डीविलियर्स ने विकेट के पीछे 11 कैच पकड़कर एक मैच में सर्वाधिक कैच करने के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। डीविलियर्स से पहले इंग्लैंड के जैक रसेल इसी मैदान पर नवंबर 1995 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ही 11 कैच लपक चुके हैं। हालांकि डीविलियर्स एक टेस्ट में 10 कैच लपकने के साथ ही शतक बनाने वाले दुनिया के पहले विकेटकीपर बन गए।
संक्षिप्त स्कोर: दक्षिण अफ्रीका पहली पारी 253 रन। पाकिस्तान पहली पारी 49 रन। दक्षिण अफ्रीका दूसरी पारी तीन विकेट पर 275 रन (घोषित)। पाकिस्तान दूसरी पारी 268 रन (मिस्बाह 64, शफीक 56, जमशेद 46, स्टेन 5-52, फिलेंडर 2-60, मोर्कल 2-89)।