हाशिम अमला और एबी डीविलियर्स के शतक और तीसरे विकेट के लिए की गई रिकॉर्ड साझेदारी से दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान को तीसरे वन-डे में 34 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बनाई।
दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए रिकॉर्ड 238 रन की साझेदारी की और दक्षिण अफ्रीका का स्कोर पांच विकेट पर 343 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया।
अमला ने 113 गेंद में नौ चौकों और एक छक्के के साथ 122 जबकि डीविलियर्स ने 108 गेंद में 12 चौकों और तीन छक्कों के साथ 128 रन की पारी खेली।
इस मैच में पाक तेज गेंदबाज वहाब रियाज ने 10 ओवर में 93 रन दिए और वन-डे में पाकिस्तान की ओर से सर्वाधिक रन खर्चे करने वाले गेंदबाज बनें।
जवाब में शाहिद आफरीदी के 48 गेंद में पांच चौकों और सात छक्कों के साथ बनाए 88 रन की आतिशी की पारी के बावजूद पाक टीम 48.1 ओवर में 309 रन पर सिमट गई। अमला और डीविलियर्स को संयुक्त रूप से ‘मैन ऑफ द मैच’ अवार्ड मिला।