टीम इंडिया 22 फरवरी से अपने घरेलू मैदानों पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी। इस टीम में ज्यादातर युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है। कप्तान धोनी के अलावा सचिन को छोड़ सहवाग और हरभजन ही ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें सीनियर कहा जा सकता है। हरभजन का चयन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनके पहले प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।
हरभजन के चयन की पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली ने सरहाना की है। गांगुली ने कहा है कि अनुभवी स्पिनर हरभजन सिंह से उन्हें टीम में वापसी की पूरी उम्मीद थी। गांगुली ने कहा कि हरभजन की टीम में वापसी सही निर्णय है। मुझे हमेशा उम्मीद थी कि उन्हें टीम में चुना जाएगा। अब कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को फैसला करना है कि उन्हें अंतिम एकादश में शामिल किया जाएगा।
उन्होंने गौतम गंभीर को टीम में न चुने जाने पर कहा कि यदि आप अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं तो टीम में बाहर किया जाना आम बात है। लेकिन मुझे भरोसा है कि गंभीर शानदार वापसी करेंगे। पूर्व कप्तान ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत को घरेलू मैदान में खेलने का फायदा मिलेगा।
भारत की जीत इस बात पर निर्भर करती है कि घरेलू परिस्थितियों का कितना फायदा उठा पाती है। यह सीरीज जीतना भारत के लिए बहुत जरूरी है। गांगुली ने अशोक डिंडा का टेस्ट टीम में स्वागत करते हुए कहा कि डिंडा वनडे और टी20 टीम का हिस्सा रहे हैं। उन्हे टेस्ट टीम में भी देखना रोमांचक होगा।