भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और मौजूदा क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (कैब) अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा कि कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स पर वर्ल्ड टी20 2016 का आयोजन उनके जीवन का सबसे बड़ा अनुभव रहा है।
बता दें कि गांगुली को सितंबर 2015 में जगमोहन डालमिया के निधन के बाद अगले साल की शुरुआत में कैब अध्यक्ष बनाया गया था। पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा कि प्रशासक की भूमिका उनके लिए आंख खोलने वाली थी।
गांगुली ने कैब के वार्षिक पुरस्कार समारोह में कहा, 'मैंने भले ही 400 से अधिक इंटरनेशनल मैच खेले हो, लेकिन निश्चित तौर पर कहूंगा कि 2016 वर्ल्ड टी20 टूर्नामेंट की मेजबानी जीवन का सबसे बड़ा अनुभव है और यह आंखें खोलने वाला था। पिछले साल ईडन गार्डन्स ने वर्ल्ड टी20 के फाइनल सहित टूर्नामेंट के पांच मैचों का आयोजन किया था। याद हो कि वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को हराकर यह टूर्नामेंट जीता था।