भारतीय क्रिकेट के लाखों फैंस के लिए सौरव गांगुली सिर्फ एक क्रिकेटर नहीं, बल्कि एक भावना रहे हैं। 90 के दशक और शुरुआती 2000 के दौर में जिन्होंने भारतीय क्रिकेट को नई पहचान दी, वही 'दादा' एक बार फिर अपने पुराने अंदाज में नजर आए। इस बार मंच कोई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम नहीं, बल्कि गली क्रिकेट का मैदान था। सोशल मीडिया पर इन दिनों गांगुली का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें वह स्थानीय गली क्रिकेट मैच में शानदार बल्लेबाजी करते दिखाई दे रहे हैं। 53 साल की उम्र में भी गांगुली ने ऐसा खेल दिखाया कि फैंस को उनके सुनहरे दिन याद आ गए।
68 गेंदों में 132 रन, पुराने अंदाज में बरसे चौके-छक्के
इंस्टाग्राम पेज 'गली क्रिकेट' द्वारा आयोजित इस मैच में गांगुली ने 68 गेंदों पर ताबड़तोड़ 132 रन ठोक दिए। खास बात सिर्फ उनका स्कोर नहीं था, बल्कि बल्लेबाजी का वही पुराना अंदाज था जिसने फैंस को भावुक कर दिया। ऑफ साइड में शानदार कवर ड्राइव, स्पिनरों के खिलाफ आगे बढ़कर लंबे छक्के और मैदान पर उनका आत्मविश्वास देखकर ऐसा लगा जैसे समय पीछे लौट आया हो।
शुरुआत में चूके, फिर जमते ही शुरू हुई चौकों-छक्कों की बारिश
दिलचस्प बात यह रही कि गांगुली की पारी की शुरुआत अच्छी नहीं हुई। पहली ही गेंद उन्हें बीट कर गई और फील्डर्स ने जोरदार जश्न भी मनाया। लेकिन कुछ ही गेंदों बाद 'दादा' लय में लौट आए। उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर गेंदबाजों पर पूरी तरह हावी हो गए। इसके बाद उन्होंने 58 गेंदों में शतक जड़कर मैदान का माहौल बदल दिया।
लॉर्ड्स वाले 131 रन की दिलाई याद
मैच के दौरान खिलाड़ियों ने मजाकिया अंदाज में गांगुली को उनके 1996 के लॉर्ड्स टेस्ट डेब्यू की याद दिलाई, जहां उन्होंने 131 रन बनाए थे। खिलाड़ियों ने पूछा कि इस बार कितना स्कोर करेंगे। गांगुली मुस्कुराए और आखिर में 132 रन बनाकर उस ऐतिहासिक पारी से एक रन आगे निकल गए। इस पल ने फैंस के बीच अलग ही उत्साह पैदा कर दिया।
मैदान पर दिखी वही पुरानी आक्रामकता
वीडियो में गांगुली सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, बल्कि मैदान पर लगातार खिलाड़ियों से मजाक और हल्की-फुल्की स्लेजिंग करते भी नजर आए। विकेटकीपर ने तो उनसे मजाक में लॉर्ड्स बालकनी वाला मशहूर टी-शर्ट वेव सेलिब्रेशन दोहराने की भी मांग कर दी, जिस पर मैदान में मौजूद सभी लोग हंस पड़े।
सोशल मीडिया पर फैंस हुए भावुक
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने जमकर प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने लिखा कि गांगुली को बल्लेबाजी करते देख उनका बचपन याद आ गया। एक यूजर ने लिखा, 'दादा आज भी उसी क्लास के बल्लेबाज हैं।' वहीं दूसरे फैन ने कहा, 'कुछ मिनटों के लिए लगा कि हम फिर 2003 के दौर में पहुंच गए हैं।'