क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) के तीन सदस्यों में से एक पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने भरत अरुण को 2019 आईसीसी वर्ल्ड कप तक के लिए टीम इंडिया का गेंदबाजी कोच बनाए जाने पर किसी भी प्रकार की टिपण्णी करने से इंकार कर दिया।
गांगुली ने कहा, 'इस मामले में पहले ही बहुत कुछ कहा जा चुका है। मैं इस पर कुछ भी नहीं कहना चाहता।' अनिल कुंबले के इस्तीफे के बाद सचिन तेंदुलकर और वीवीएस लक्ष्मण के साथ गांगुली ने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान को गेंदबाजी सलाहकार के रूप में नियुक्त किया था।
गांगुली ने कुछ दिनों पहले साफ कहा था कि इंटरनेशनल क्रिकेट में 610 विकेट लेने वाले जहीर साल में 150 दिन भारतीय टीम के साथ काम करेंगे। महान भारतीय बल्लेबाज राहुल द्रविड़ को विदेशी दौरों पर बतौर बल्लेबाजी सलाहकार नियुक्त किया था।