अम्फान प्रभावितों की मदद करते सौरव गांगुली
- फोटो : Sourav ganguly Twitter
ओडिशा और पश्चिम बंगाल में पिछले महीने आए चक्रवाती तूफान 'अम्फान' ने भारी तबाही मचाई थी। 150 किलोमीटर प्रतिघंटे से अधिक की रफ्तार से आए इस समुद्री तूफान से बंगाल के तटीय इलाकों में भारी तबाही हुई थी और जान-माल का बहुत नुकसान हुआ था।
ऐसे में तूफान से प्रभावित लोगों की मदद के लिए एक बार फिर से बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने मदद के हाथ बढ़ाए हैं। दादा अपने सौरभ गांगुली फाउंडेशन और एमआई के साथ मिलकर लोगों की मदद के लिए एक अभियान चला रहे हैं। वे दस हजार परिवारों की मदद कर रहे हैं।
गांगुली ने ट्विटर के माध्यम से जानकारी देते हुए कहा, 'कुछ पारियां सच में आपका इम्तिहान लेती हैं, कुछ परिस्थितियों से बाहर आने के लिए आपको कड़ी मेहनत करनी होती है! बंगाल एक भयानक तूफान से प्रभावित हुआ है, तबाही का मंजर देखा जा सकता है, जिसने हम सभी को भीतर तक झकझोर दिया।' इस कठिन परिस्थिति में मैं मेरे फॉउंडेशन के साथ मिलकर दस हजार परिवारों की मदद कर रहा हूँ।
बता दें कि इससे पहले भी कोरोना के प्रभावित लोगों की मदद के लिए गांगुली ने मदद के हाथ बढ़ाए थे और लोगों में 50 लाख रुपये के चावल बांटे थे। साथ ही इस्कॉन संस्था के साथ मिलकर लोगों के लिए खाने का इंतजाम भी किया था।