ढाई साल पहले भारतीय टीम से विदा होने के बाद गुमनामी में खो गए खब्बू स्पिनर अक्षर पटेल के लिए यह आईपीएल वरदान बनता दिखाई दे रहा है। रविंद्र जडेजा, पीयूष चावला, सुनील नरीन और कुलदीप यादव जैसे दिग्गज स्पिनर जहां रनों पर अंकुश लगाने में अब तक असफल रहे हैं।
वहीं अक्षर 14 ओवरों में महज 4.57 रन प्रति ओवर खर्च कर (कुल 64 रन देकर चार विकेट) अब तक इस आईपीएल के सबसे किफायती गेंदबाज बनकर उभरे हैं। अक्षर ने इस आईपीएल में अब तक चार मैच खेले हैं, लेकिन किसी भी मैच में 18 से ज्यादा रन नहीं दिए हैं। कंजूसियत के मामले में वह अफगानिस्तान के रशीद खान पर भी पड़े हैं।
रशीद ने पांच मैचों में अब तक 20 ओवर में 5.20 रन प्रति ओवर 104 रन खर्च किए हैं। वह आईपीएल में किफायती गेंदबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर चल रहे हैं। उनसे ऊपर एक और भारतीय स्पिनर आरसीबी के वाशिंगटन सुंदर ने अपनी कंजूस गेंदबाजी का डंका बजा रखा है। उन्होंने 4.80 रन 15 ओवर में 72 रन दिए हैं।
अपने पहले आईपीएल में 6.13 रन प्रति ओवर दिए थे
किफायती गेंदबाजी के हिसाब से अक्षर पटेल के लिए आईपीएल का उनका साल 2014 में किंग्स इलेवन के लिए पहला सत्र बेहतरीन गया था। जहां उन्होंने 17 मैचों में 6.13 प्रति ओवर के हिसाब से रन दिए थे और 17 विकेट लिए थे।
खास बात यह है कि अक्षर इस आईपीएल में मौके के हिसाब से विविधिता ला रहे हैं। सोमवार को उन्होंने पॉवर प्ले में अपने स्वभाव के विपरीत धीमी गेंद डालकर एरोन फिंच को आउट करने के बाद टीम साथी आर अश्विन से बातचीत में खुलासा किया कि वह नेट पर कैरम गेंद अच्छी डाल रहे हैं, लेकिन वह इसका प्रयोग जरूरत पर ही करेंगे। यानि कि जब उन्हें छक्के पड़ रहे होंगे तब वह बल्लेबाज को यह गेंद डालेंगे।
जडेजा ने खर्चें हैं 9.55 रन प्रति ओवर
रन कम देने के हिसाब से इस आईपीएल में स्पिनर आगे चल रहे हैं, लेकिन कई दिग्गज स्पिनर इस आईपीएल में काफी महंगे साबित हो रहे हैं। सीएसके के रविंद्र जडेजा ने 9.55 रन प्रति ओवर सीएसके के ही पीयूष चावला ने 8.88 केकेआर के सुनील नरीन ने 8.50 केकेआर के ही कुलदीप यादव ने 8.22 प्रति ओवर के हिसाब से रन दिए हैं।
वहीं आरसीबी के युजवेंदर चहल ने 7.57 दिल्ली कैपिटल्स के आर अश्विन ने 7.71 और कैपिटल्स के ही अमित मिश्रा ने 7.20 रन प्रति ओवर खर्च किए हैं।