तमिलनाडु के स्टार ऑलराउंडर विजय शंकर ने टीम इंडिया के हरफनमौला हार्दिक पांड्या के खिलाफ आक्रामक रुख अख्तियार करते हुए लगातार तीन छक्के जड़ दिए। उनके इस आक्रामक प्रदर्शन ने सभी के होश उड़ा दिए। दो दिन पहले चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने इस खिलाड़ी को मेगा नीलामी में 1.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। अब 33 वर्षीय खिलाड़ी ने अपने प्रदर्शन से टीम मैनेजमेंट को सही साबित कर दिया है। बता दें कि, बुधवार को तमिलनाडु और बड़ौदा के बीच सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का ग्रुप बी का मुकाबला खेला गया। इसमें बड़ौदा ने तीन विकेट से जीत दर्ज की।
विजय शंकर की मेहनत पर फिरा पानी
भारत के 33 वर्षीय ऑलराउंडर ने इस मैच में 22 गेंदों का सामना किया और 42 रन बनाकर नाबाद रहे। इस दौरान उन्होंने 190.90 के स्ट्राइक रेट से चार छक्के जड़े। हालांकि, वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। मालूम हो कि, विजय शंकर भारतीय टीम के लिए 12 वनडे और नौ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं।
मैच में क्या हुआ?
पहले बल्लेबाजी करने उतरी तमिलनाडु ने नारायण जगदीशन की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में छह विकेट पर 221 रन बनाए। इस दौरान लुकमान ने तीन विकेट लिए जबकि क्रुणाल और निनाद को एक-एक विकेट मिला। जवाब में बड़ौदा ने हार्दिक की 69 रनों की विस्फोटक पारी की बदौलत 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन बनाए और मैच अपने नाम कर लिया।
गुरजपनीत पर बरसे पांड्या
पांड्या ने गुरजपनीत सिंह को निशाना बनाया। उन्होंने पारी के 17वें ओवर में 26 वर्षीय गेंदबाज के खिलाफ चार छक्के और एक चौका लगाया। इस ओवर में कुल 29 रन आए। मालूम हो कि, गुरजपनीत वही गेंदबाज हैं जिन्हें दो दिन पहले मेगा नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने 2.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। उनका बेस प्राइस 30 लाख था।