जिम्बाब्वे की टीम पिछले कुछ समय से खराब दौर से गुजर रही है और अब वह अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप में शामिल होगी। टीम के कप्तान सिकंदर रजा का मानना है कि जिम्बाब्वे टीम के पास इस वैश्विक टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन के जरिये अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने का अवसर होगा। जिम्बाब्वे को सात फरवरी से शुरू हो रहे टूर्नामेंट में ग्रुप बी में पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के साथ रखा गया है, जबकि आयरलैंड और ओमान भी इसी ग्रुप में हैं।
विश्व कप को बताया अहम
रजा ने कहा, विश्व कप हर क्रिकेटर के जीवन में अहम है। मेरा हमेशा से मानना रहा है कि जिम्बाब्वे को विश्व क्रिकेट में और सम्मान पाना है तो विश्व कप की भूमिका अहम होगी। हम ऐसा प्रदर्शन करना चाहते हैं कि अपना सिर ऊंचा रखकर लौट सके और अपने देशवासियों को भी गर्व महसूस करने का मौका दें। नतीजे हमारे हाथ में नहीं हैं, लेकिन हम उनके बारे में ज्यादा चिंता नहीं करते। हमारा ध्यान अच्छा क्रिकेट खेलने पर है और ऐसा करने पर नतीजे मिलेंगे।
जिम्बाब्वे को श्रीलंका में खेलने हैं ग्रुप चरण के मैच
जिम्बाब्वे को ग्रुप मैच श्रीलंका में खेलने हैं जहां पिचें स्पिनरों की मददगार होंगी। रजा को यकीन है कि उनके पास अच्छे स्पिनर हैं जो इन पिचों पर बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा, अगर पिचें स्पिनरों की मददगार हुई तो हमारे पास काफी अच्छे गेंदबाज हैं। जितना ज्यादा खेल सकें उतना ही अच्छा होगा।