ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे सीरीज के पहले टेस्ट मैच में तिलकरत्ने दिलशान (147) और एंजेलो मैथ्यूज (75) की शानदार पारी के दम पर श्रीलंका ने पहली पारी में 336 रन बनाए। वहीं तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 27 रन बना लिए हैं और उसकी कुल बढ़त 141 रन की हो चुकी है। डेविड वार्नर 8 और इडी किवोन 16 रन बनाकर नाबाद हैं।
ऑस्ट्रेलिया के पहली पारी में पांच विकेट पर 450 रन पारी घोषित के जवाब में दिलशान और मैथ्यूज ने श्रीलंका को चार विकेट पर 87 रन की बेहद नाजुक स्थिति से उबारा। इन दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 161 रन की अहम साझेदारी की जो कि ऑस्ट्रेलिया में किसी भी विकेट के लिए श्रीलंका की ओर से सबसे बड़ी साझेदारी है।
दिलशान ने 273 गेंदों में 21 चौकों की मदद से 147 रन बनाए जबकि मैथ्यूज ने उनका भरपूर साथ देते हुए 186 गेंदों में 11 चौकों की मदद से 75 रन की पारी खेली। मैथ्यूज चायकाल से कुछ पहले आउट हुए और उसके बाद श्रीलंकाई टीम को सिमटने में ज्यादा समय नहीं लगा।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से तेज गेंदबाज पीटर सिडल ने 54 रन देकर पांच विकेट लिए जबकि नाथन लियोन ने दो तथा मिशेल स्टॉर्क, बेन हिल्फेनहास और शेन वाटसन ने एक-एक विकेट लिया। श्रीलंका की पारी चायकाल के बाद 336 रन पर सिमटी और ऑस्ट्रेलिया को 114 रन की बढ़त हासिल हुई।