भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत पाकिस्तान के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले से पहले बीमार पड़ गए हैं। पंत को बुखार हो गया है जिस कारण वह शनिवार को अभ्यास सत्र में भी शामिल नहीं रहे। मैच से पहले टीम के उपकप्तान शुभमन गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस बात की पुष्टि की और बताया कि पंत अभ्यास सत्र में मौजूद नहीं थे।
बांग्लादेश के खिलाफ नहीं खेले थे पंत
पंत हालांकि, बांग्लादेश के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के पहले मैच के लिए प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं थे। पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले इस बात की चर्चा तेज है कि पंत को इस मुकाबले के लिए मौका मिलेगा या नहीं। राहुल ने पिछले मैच में बल्ले से भी अच्छा प्रदर्शन किया था और 47 गेंदों पर नाबाद 41 रन बनाए थे तथा पांचवें विकेट के लिए गिल के साथ मिलकर 87 रनों की अविजित साझेदारी की थी। गिल ने इस मैच में शतक लगाया था और भारत को छह विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
गिल ने मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ऋषभ पंत को बुखार है और इस कारण वह आज ट्रेनिंग सत्र के लिए नहीं आए। मैंने उन खिलाड़ियों के साथ चर्चा की है जो थोड़ा असहज महसूस कर रहे हैं और नियमित रूप से नहीं खेल रहे हैं।
शानदार फॉर्म में चल रहे हैं गिल
गिल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर संघर्ष कर रहे थे और उन्होंने तीन मैचों में 93 रन बनाए थे, लेकिन इसके बाद उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था और वह पिछली चार वनडे पारियों में लगातार 50+ स्कोर बनाने में सफल रहे हैं जिसमें दो शतक भी शामिल है। गिल ने कहा कि तकनीक में बदलाव से ज्यादा उन्होंने मानसिक पहलू पर ध्यान केंद्रित किया।
गिल ने कहा, ऑस्ट्रेलिया में मुझे नहीं लगता कि मेरे खेल में कोई कमी नहीं रही थी जिस कारण मैं रन नहीं बना पा रहा था। हालांकि, मानसिक पहलू ने बड़ी भूमिका निभाई। जब हम रन बनाने के लिए संघर्ष करते हैं तो लगता है कि कोई तकनीकी दिक्कत है, लेकिन हमेशा ऐसा नहीं होता। मुझे पता था कि सीमित ओवरों की सीरीज है, इसलिए मुझे अच्छा प्रदर्शन करने का भरोसा था और ऐसा ही हुआ।