भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान शुभमन गिल फिर चोटिल हो गए हैं। न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, गिल पैर की अंगुली में चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के शेष दो मैचों से बाहर हो गए हैं। समझा जाता है कि गिल को ये चोट ट्रेनिंग सत्र के दौरान लगी थी। गिल को इससे पहले टेस्ट सीरीज के दौरान गर्दन में चोट लगी थी और उन्होंने टी20 सीरीज से मैदान पर वापसी की थी।
कोहरे के कारण रद्द हुआ मैच
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाने वाला चौथा टी20 मैच बुधवार को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में बिना टॉस के ही रद्द कर दिया गया। घने कोहरे के चलते दृश्यता बेहद खराब रही, जिससे खेल कराना संभव नहीं हो सका। भारत फिलहाल इस सीरीज में 2-1 से आगे चल रहा है। आखिरी मुकाबला 19 दिसंबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा, जिसमें जीत दर्ज कर सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली टीम की नजरें सीरीज अपने नाम करने पर होंगी।
कोलकाता टेस्ट के दौरान हुए थे चोटिल
गिल को कोलकाता टेस्ट के दौरान गर्दन में चोट लगी थी जिसके बाद उन्होंने कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गिल टीम के साथ दूसरे टेस्ट के लिए गुवाहाटी गए थे, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने दूसरे टेस्ट से पहले बताया था कि चोट से नहीं उबरने के कारण वह इस मैच का हिस्सा नहीं होंगे। गिल इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में भी नहीं खेले थे। टी20 सीरीज के लिए गिल को टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उनका खेलना फिटनेस पर निर्भर था। पहले टी20 से ठीक पहले गिल फिट करार दिए गए थे।
खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं गिल
उपकप्तान शुभमन गिल खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा टी20 सीरीज में भी उनका प्रदर्शनॉ काफी खराब रहा है। उनके पारी का आगाज करने से भारत का शीर्ष क्रम अस्थिर हो गया है। गिल ने अन्य प्रारूपों में अपना स्तर दिखाया है लेकिन टी20 अंतरराष्ट्रीय में उन्हें अब भी उस आश्वस्त बल्लेबाज की झलक नहीं दिखाई है जो वह टेस्ट और वनडे में है। वह रविवार को कम लक्ष्य का पीछा करते हुए भी सिर्फ 28 रन ही बना पाए जिसने विश्व कप से पहले चिंताओं को कम नहीं किया है।