इंदौर में कर्नाटक ने कसी गेंदबाजी की बदौलत शनिवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी सुपर लीग ग्रुप बी मैच में उत्तर प्रदेश को दस रन से शिकस्त दी।
कर्नाटक ने बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 149 रन बनाकर सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। उसके लिए रोहन कदम 35 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे, उनके अलावा मयंक अग्रवाल ने 33 रन का योगदान दिया।
जीत के लिए 150 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश अच्छी शुरूआत का फायदा नहीं उठा सका और टीम 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 139 रन ही बना सकी।
उसके कप्तान और सलामी बल्लेबाज अक्षदीप नाथ ने 41 गेंद में पांच चौके से 46 रन तथा विकेटकीपर उपेंद्र यादव ने 41 गेंद में तीन चौके से 42 रन जोड़े। इन दोनों के अलावा केवल दो बल्लेबाज समर्थ सिंह (15) और प्रियम गर्ग (16) ही दोहरे अंक तक पहुंच सके।
कर्नाटक के वी कौशिक ने तीन विकेट जबकि आर विनय कुमार और जगदीश सुचित ने दो दो विकेट प्राप्त किए।
कप्तान राहुल त्रिपाठी की नाबाद 60 रन की पारी के दम पर महाराष्ट्र ने शनिवार को यहां सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी सुपर लीग ग्रुप ए के मैच में बंगाल को सात विकेट से शिकस्त दी।
बंगाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 138 रन बनाए। महाराष्ट्र ने इस लक्ष्य को 17.1 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।
बंगाल की शुरूआत बेहद ही खराब रही और टीम ने तीन रन पर तीन विकेट गंवा दिए। 25 रन तक आधी टीम पवेलियन लौट गई। इसके बाद कप्तान मनोज तिवारी (41) ने शाहबाज अहमद (नाबाद 60) के साथ छठे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी की।
शाहबाज ने 44 गेंद की नाबाद पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए। डोमनिक मुथुस्वामी महाराष्ट्र के सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने तीन विकेट लिए। सत्यजीत बच्चाव ने दो विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए सलामी बल्लेबाज राहुल त्रिपाठी ने 46 गेंद की पारी में नौ चौके लगाए। उन्हें रोहित मोटवानी (36) का अच्छा साथ मिला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी की। राहुल ने इसके बाद विकेटकीपर निखिल नाइक (नाबाद 18) के साथ चौथे विकेट के लिए नाबाद 52 रन जोड़े।