सार
भारतीय महिला टीम की स्टार ऑफ स्पिनर श्रेयंका पाटिल एंकल चोट के कारण महिला टी20 विश्व कप 2026 से बाहर हो गई हैं। टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद उन्होंने भावुक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि सपना टूट गया है, लेकिन वह हार नहीं मानेंगी और जल्द वापसी करेंगी।
भारतीय टीम को महिला टी20 विश्व कप 2026 के बीच बड़ा झटका लगा है। टीम की स्टार ऑफ स्पिनर श्रेयंका पाटिल चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। नीदरलैंड्स के खिलाफ खेले गए ग्रुप-ए मुकाबले के दौरान फील्डिंग करते समय उनके टखने (एंकल) में गंभीर चोट लग गई थी। चोट इतनी गंभीर थी कि उन्हें मैदान से स्ट्रेचर पर बाहर ले जाना पड़ा। बाद में मेडिकल जांच में पुष्टि हुई कि वह टूर्नामेंट के शेष मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले सकेंगी।
श्रेयंका पाटिल
- फोटो : ICC
भावुक हुईं श्रेयंका, सोशल मीडिया पर साझा किया दर्द
विश्व कप से बाहर होने के बाद श्रेयंका पाटिल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि हर सपना सच नहीं होता, लेकिन वह सपने देखना नहीं छोड़ेंगी। श्रेयंका ने अपने प्रशंसकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें मिले प्यार और समर्थन ने इस मुश्किल समय में हौसला दिया है।
उन्होंने लिखा, 'हर सपना सच नहीं होता। कोई भी चोट आसान नहीं होती, लेकिन इस चोट ने सबसे ज्यादा दर्द दिया है। पिछले कुछ दिनों में मुझे जो प्यार और समर्थन मिला है, उससे मैं अभिभूत हूं। मैंने इतने सारे संदेश, एडिट्स और रील्स देखे हैं और उन सभी के लिए मैं दिल से आभारी हूं। मुझे पता है कि आप सभी की दुआएं मेरे साथ हैं। हर सपना सच नहीं होता, लेकिन मैं सपने देखना नहीं छोड़ूंगी। पिछले साल मैंने कहा था- 'दिल टूटा है, लेकिन मैं फिर उड़ान भरूंगी' और मैं फिर वही कह रही हूं।'
प्रेमा रावत
- फोटो : ANI
प्रेमा रावत को मिला मौका
श्रेयंका पाटिल के बाहर होने के बाद महिला टी20 विश्व कप 2026 की इवेंट टेक्निकल कमेटी ने उनकी जगह युवा लेग स्पिनर प्रेमा रावत को भारतीय टीम में शामिल करने की मंजूरी दे दी है। 24 वर्षीय प्रेमा इस समय भारत-ए टीम के इंग्लैंड दौरे का हिस्सा थीं और पहले से ही इंग्लैंड में मौजूद थीं। हालांकि प्रेमा रावत ने अभी तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया है, लेकिन घरेलू क्रिकेट और हालिया टूर्नामेंटों में उनके प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया है। महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में उन्होंने भारत-ए के लिए शानदार गेंदबाजी करते हुए आठ विकेट हासिल किए थे। इसके अलावा महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में भी उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
भारतीय टीम
- फोटो : BCCI Women
भारतीय टीम को बड़ा झटका
श्रेयंका ने इसी साल चोट से उबरकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की थी और टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत का भी हिस्सा रही थीं। ऐसे में टूर्नामेंट के अहम चरण में उनका बाहर होना भारतीय टीम के स्पिन विभाग के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें युवा प्रेमा रावत पर होंगी, जिनके पास विश्व मंच पर खुद को साबित करने का सुनहरा अवसर है। वहीं भारतीय टीम और प्रशंसकों को उम्मीद होगी कि श्रेयंका पाटिल जल्द पूरी तरह फिट होकर मैदान पर वापसी करें और एक बार फिर अपनी गेंदबाजी से टीम को मजबूती दें।